नईदिल्ली, 0४ जुलाई।
लगातार चार दिन तक ऑरेंज अलर्ट में किरकिरी होने के बाद बुधवार को येलो अलर्ट ने मौसम विभाग की इज्जत बचा ली। दोपहर बाद कहीं हल्की तो कहीं हुई तेज वर्षा ने उमस भरी गर्मी से राहत प्रदान की। तापमान में भी फिर से गिरावट देखने को मिली। मौसम विभाग की मानें तो बृहस्पतिवार को भी बादल छाए रहने और हल्की वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बृहस्पतिवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने और और हल्की वर्षा होने के भी आसार हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 34 और 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान में नौ जुलाई तक हर रोज ही ऐसा मौसम बने रहने की संभावना है।बुधवार को सुबह से ही घने बादल छाए हुए थे। बीच-बीच में हल्की धूप भी निकल जा रही थी। रुक रुककर कई बार बूंदाबांदी हुई। दोपहर बाद कई इलाकों में अच्छी वर्षा हुई। इससे उमस कम हो गई और गर्मी से भी राहत मिल गई। इसी का असर रहा कि बुधवार को एक दिन पहले की तुलना में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री कम 34.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। बुधवार को यह 36.7 डिग्री रहा था। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 29.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। हवा में नमी का स्तर 100 से 73 प्रतिशत रिकार्ड किया गया।अब अगर वर्षा की बात करें तो शाम साढ़े पांच बजे तक यह 9.0 मिमी दर्ज की गई। पालम में यह 14.1 मिमी, लोधी रोड पर 7.0 मिमी, रिज क्षेत्र में 4.2 मिमी, आया नगर में सर्वाधिक 39.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई। सभी जगह यह वर्षा दोपहर ढाई से साढ़े पांच बजे के दौरान ही रिकॉर्ड की गई।
वर्षा से दृश्यता के स्तर पर भी प्रभाव पड़ा। अपराहन तीन बजे तक जहां दृश्यता का स्तर 2800 मीटर तक रहा वहीं 3.45 बजे यह घटकर 1400 मीटर रह गया। इसके बाद सवा चार बजे वापस बढक़र 2500 मीटर तक चला गया। उधर केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के मुताबिक बुधवार को दिल्ली का एक्यूआइ 108 रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। मंगलवार को यह 118 था। 24 घंटे के भीतर इसमें 10 अंकों की कमी हुई है। हाल फिलहाल इसमें अधिक बदलाव होने की संभावना नहीं है।