
जांजगीर चांपा । बलौदा बाजार प्रकरण में राजनीतिक दुर्भावना वश भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के निर्वाचित विधायक देवेंद्र यादव सहित युवक कांग्रेस एवं एनएसयूआई के जिला अध्यक्षों व कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर विभिन्न धाराओं पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तार किए जाने के विरोध में 24 अगस्त को कचहरी चौक में धरना प्रदर्शन किया गया। धरना प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा नियुक्त प्रभारी डॉ. शिव कुमार डहरिया पूर्व मंत्री ने कहा कि बलौदा बाजार की घटना से छत्तीसगढ़ की भाजपा के साय सरकार की नाकामी उजागर हुई है। प्रभारी डॉ डहरिया ने भाजपा सरकार पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि बलौदा बाजार की घटना प्रदेश की भाजपा सरकार अपने नाकामियों को छिपाने के लिए स्वयं ही अपने कार्यकर्ताओं से करवाई है जो अच्छम्य अपराध है।
विपक्ष के कांग्रेस नेताओं को परेशान कर रही है। कांग्रेस के विधायक देवेंद यादव की गिरफ्तारी भाजपा की बौखलाहट को दर्शाता है। यह कांग्रेस पार्टी को बदनाम करने की साजिश है। भाजपा सरकार का चरित्र और व्यवहार आठ माह में ही अलोकतांत्रिक हो गई है। पत्रकारों को गलत तरीके से फंसाने के लिए उनकी गाड़ी में गांजा रखा जाता है। विपक्ष के विधायक को झूठे मुकदमों में फंसाकर गिरफ्तार किया जाता है। बलौदा बाजार के मामले में सतनामी समाज और कांग्रेस के लोगों को चिन्हांकित करके उनको जेल में डाला गया। कांग्रेस पार्टी भाजपा सरकार के इस आताताई चरित्र से डरने वाली नहीं है। इस प्रकार की कृत्यों से हमारा कार्यकर्ता और मजबूती से सरकार के खिलाफ जनता की आवाज उठाएगी। अकलतरा विधायक राघवेंद्र सिंह ने कहा कि बलौदा बाजार के आंदोलन में भाजपा जिला अध्यक्ष सनम जांगड़े सहित अन्य भाजपा नेताओं की भूमिका की जांच हो धरना प्रदर्शन के लिए कलेक्टर से परमिशन दिलाने वाला कौन था।
जांजगीर-चांपा क्षेत्र के विधायक ब्यास कश्यप ने कहा कि कांग्रेस के विधायक देवेंद्र यादव बलौदा बाजार में ना भाषण दिए और ना ही कलेक्टर ऑफिस प्रदर्शन में शामिल हुए। भीड़ में 5 मिनट रुककर वापस आ गए थे। कहीं भी किसी हिंसक घटना में उनके संलिप्तता का कोई भी सबूत नहीं है और ना ही वे किसी भी प्रकार की घटना में शामिल थे। पुलिस ने उनको गलत तरीके से गिरफ्तार किया है। भाजपा सरकार और पुलिस बताए किन भाजपा नेताओं को नोटिस दिए। उनसे पूछताछ की गई। उक्त घटना से हम सबको पीड़ा है। लेकिन छत्तीसगढ़ सरकार दुर्भावना से निर्दोष लोगों पर कार्रवाई ना करे।
5 मिनट के लिए रुके और बन गए अपराधी
पामगढ़ विधानसभा के विधायक शेष राज हरबंस ने कही कि बलौदा बाजार की पूरी घटना के लिए भाजपा सरकार दोषी है लचर कानून व्यवस्था और प्रशासन की निरंकुशता व लापरवाही से बलौदा बाजार में सतनामी समाज के आंदोलन में भाजपा आरएसएस के असामाजिक तत्वों की घुसपैठ हुई और इतनी बड़ी घटना को अंजाम दिया गया। जिला कांग्रेस के कार्यकारी जिला अध्यक्ष रमेश पैगवार ने भी सभा को संबोधित किया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष दिनेश शर्मा, मंजू सिंह, संदीप अग्रवाल, टिंकू मेमन, गिरधारी यादव, हर प्रसाद साहू, नगर पालिका अध्यक्ष भगवान वास गढ़वाल, जय थवाईत, रामकुमार पटेल, उत्तम पाटले, राजेश अग्रवाल, नागेंद्र गुप्ता, सेवादल जिला अध्यक्ष देव कुमार पाण्डेय, उपकार सिंह ढिल्लों आभास बोस, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह, गुलशन सोनी सलीम सिद्दीकी, चिंताराम कश्यप,गोविंद कश्यप, रामविलास राठौर, प्रिंस शर्मा, अनुसूचित जाति विभाग जिला अध्यक्ष महारथी बघेल, पिछड़ा वर्ग विभाग के जिला अध्यक्ष लोकेश राठौर, महिला कांग्रेस के जिला अध्यक्ष सीमा शर्मा, सुनील साधवानी, संदीप यादव, आकाश तिवारी आदि ने संबोधित किया।




























