
कोरबा। छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। ऐसे में टिकट के दावेदार दावा ठोंकने लगे हैं। जिले के युवा नेता मुरली महंत ने कटघोरा विधानसभा सीट से कांग्रेस से उम्मीदवारी के लिए ब्लॉक अध्यक्ष गोरेलाल यादव के पास आवेदन जमा कर अपनी दावेदारी ठोकी है। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी उन्हें इस क्षेत्र से उम्मीदवार बनाती है तो उन्हें जनता का अपार समर्थन मिलना तय है।
श्री महंत कांग्रेस पार्टी में कई पदों पर रह चुके हैं और वर्तमान में छत्तीसगढ़ कांग्रेस पिछड़ा वर्ग के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं तथा अखिल भारतीय मानिकपुर पनिका समाज के प्रदेश महासचिव के रूप में क्षेत्र की जनता व समाज की सेवा कर रहे हैं। क्षेत्र में उनकी मजबूत पकड़ है। क्षेत्र की जन समस्याओं के निराकरण के लिए जनता विशेषकर युवाओं के आग्रह को स्वीकार करते हुए जन कल्याण करने चुनावी समर में पदार्पण करने का निश्चय किया है। उनके साथ युवा ऊर्जावान साथी कार्यकर्ता की पूरी टीम दोगुने उत्साह से जीत दिलाने तत्पर है। कटघोरा विधानसभा सामान्य सीट है। यहां वर्तमान में कांग्रेस विधायक पुरुषोत्तम कंवर हैं जो आदिवासी वर्ग से वास्ता रखते हैं। गत दिनों छत्तीसगढ़ प्रभारी कुमारी शैलजा का आगमन जिले में हुआ था। उन्होंने बैठक लेकर कार्यकर्ताओं से चुनाव संबंधी रायशुमारी की थी जिस पर कार्यकर्ताओं ने कटघोरा सीट पर इस बार सामान्य अथवा पिछड़ा वर्ग का उम्मीदवार बनाए जाने की पुरजोर मांग रखी। इसके बाद यहां से कई दावेदार सामने आए हैं और अपना-अपना आवेदन जमा कर दावेदारी पेश कर रहे हैं।
इस तरह आवेदन और फिर होगा चयन
ज्ञात रहे कांग्रेस पार्टी ने इस बार विधानसभा चुनाव के लिए संबंधित क्षेत्रों के चुनाव लडऩे के इच्छुक पार्टी कार्यकर्ताओं एवं नेताओं से आवेदन आमंत्रित किया है। इसके लिए त्रि स्तरीय प्रक्रिया अपनाई गई है। जिसके तहत सबसे पहले आवेदन ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में जमा होना है। वहां से चुनाव जीत सकने वाले 5 लोगों के आवेदन छांटकर जिला कांग्रेस कार्यालय भेजा जाएगा जहां फिर से तीन लोगों के नाम पैनल तय कर प्रदेश कांग्रेस कमेटी को जाएगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी उन तीनों नामों पर विचार विमर्श कर एक नाम तय करेगी जिसे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी को भेजा जाएगा जहां से उम्मीदवारों की फाइनल सूची जारी होगी।





























