
मुंबई, २३ फरवरी । भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि केवल उनकी पार्टी ही गरीबों की प्रगति सुनिश्चित करने के लिए स्वच्छ ढंग से काम कर रही है। उन्होंने गुरुवार को मुंबई में आयोजित पार्टी के एक कार्यक्रम में कहा कि अन्य सभी पार्टियां भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उनके नेता या तो जेल में हैं या फिर जमानत पर हैं। कांग्रेस ने तो सिर्फ गरीबी उन्मूलन का नारा दिया, ड्राइंग रूम में योजनाएं बनाईं। उन्हें कभी भी लागू नहीं किया। उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला। सिर्फ भाजपा ही गरीबों और देश की साफ-सुथरी प्रगति सुनिश्चित कर रही है। अन्य सभी पार्टियां अवसर मिलने पर भ्रष्टाचार करती हैं।नड्डा ने कहा कि चाहे वह सोनिया गांधी, राहुल गांधी या लालू प्रसाद हों, ये सभी जमानत पर बाहर हैं। हेमंत सोरेन भी जेल में हैं। भाजपा प्रमुख ने दावा किया कि पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल के दौरान देश की 50 प्रतिशत आबादी गरीबी में जी रही थी, लेकिन इंदिरा गांधी के सत्ता में आने के बाद यह अनुपात बढ़कर 60 प्रतिशत हो गया। राज्य ब्यूरो के अनुसार, नड्डा ने हीरोज ऑफ मुंबई कार्यक्रम के तहत 18 विभूतियों की प्रतिमाओं का अनावरण किया। इन विभूतियों ने मुंबई के समग्र विकास, आर्थिक प्रगति, सुरक्षा और सांस्कृतिक बुनियादी ढांचे में योगदान दिया है। हीरोज ऑफ मुंबई कार्यक्रम की संकल्पना महाराष्ट्र सरकार में मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा की थी। इसके तहत गिरगांव में किलाचंद उद्यान को स्मृति और प्रेरणा स्थल में बदल दिया गया है। जिन 18 विभूतियों की अर्द्ध प्रतिमाओं का अनावरण किया गया है, उनमें भारत रत्न डा. बाबा साहब आंबेडकर, विनायक दामोदर सावरकर, सावित्रीबाई फुले, लता मंगेशकर, दादा साहब फाल्के, कवि कुसुमाग्रज, डा. होमी जहांगीर भाभा, जेआरडी टाटा, जगन्नाथ शंकर शेठ, अन्नाभाऊ साठे, बाला साहेब ठाकरे, धीरू भाई अंबानी, रामनाथ गोयनका, सेठ मोती शाह, शहीद बाबू गेनू, अशोक कुमार जैन एवं भारतरत्न सचिन तेंदुलकर की प्रतिमाएं शामिल हैं।




























