टीकमगढ़। टीकमगढ़ के कांग्रेस विधायक यादवेंद्र सिंह बुंदेला के निवास पर बुधवार सुबह असम पुलिस पहुंची। लगभग 4 घंटे तक पूछताछ के बाद टीम रवाना हो गई। इस दौरान पुलिस के जवान बाहर पहरा देते हुए नजर आए। बाहरी व्यक्तियों को प्रवेश नहीं दिया गया। बताया जाता है कि विधायक के बेटे शाश्वत सिंह बुंदेला के खिलाफ दिल्ली की सबरवाल ट्रेडिंग कंपनी प्राइवेट लिमिटेड ने शिकायत दर्ज कराई थी। यह मामला साल 2022 का है। इसी मामले को लेकर बुधवार को असम पुलिस ने पूछताछ की है।
शाश्वत सिंह बुंदेला पर 63 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है। उनके खिलाफ आटोनामस काउंसिल घोटाले का एक मामला असम में चल रहा है, जिसमें शाश्वत सिंह सहित पांच आरोपित बनाए हैं। विधानसभा चुनाव से पहले भी असम पुलिस ने यहां पहुंची थी। विधायक के घर छापेमार कार्रवाई की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेसी उनके निवास परिसर में एकत्र हो गए। विधायक के बंगले से बाहर निकले अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष अनिल त्रिपाठी ने बताया कि पुराने मामले को लेकर असम पुलिस पूछताछ करने आई थी। उधर विधायक ने इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।