कानपुर में हिस्ट्रीशीटर और टॉप टेन अपराधियों के यहां छापा कई भूमाफिया के खिलाफ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

कानपुर, २6 मई ।
शहर में चुनाव की सरगर्मियां कम होते ही अपराधियों पर फिर शिकंजा कसता दिख रहा है। पुलिस ने शनिवार को सर्किल स्तर पर ड्रग माफिया, भूमाफिया, हिस्ट्रीशीटर व टॉप टेन अपराधियों के यहां छापेमारी की। जहां कार्रवाई हुई उनकें बिकरू कांड में आरोपित रहे जयकांत बाजपेई, तीन जून को हुए उपद्रव के आरोपित हाजी वसी, गैंगस्टर पप्पू स्मार्ट शामिल हैं। सेंट्रल जोन में पुलिस हाजी वसी के घर पहुंची। डीसीपी सेंट्रल आरएस गौतम ने बताया कि उसके घर से पिस्टल व रिवाल्वर के छह कारतूस और 5.50 लाख रुपये की नकदी मिली है। बजरिया में जयकांत बाजपेई के घर भी छापा मारा। इसके बाद शाहिद पिच्चा के घर पुलिस पहुंची। सूरज और बृजेंद्र सोनकर के यहां भी छापा मारा गया। हालांकि परिवार में किसी के निधन के चलते कोई कार्रवाई नहीं की गई। डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने पिंटू सेंगर हत्याकांड के आरोपित गैंगस्टर पप्पू स्मार्ट और सऊद अख्तर के सील घरों में पड़ताल की।
पप्पू स्मार्ट के घर से देशी पिस्टल व कारतूस बरामद हुआ। दरअसल पुलिस को सूचना मिली थी कि पप्पू स्मार्ट के घर से आपराधिक गतिविधि हो रही है। पप्पू स्मार्ट और सऊद अख्तर कुछ दिनों पहले ही जमानत पर छूटकर बाहर आए हैं। डीसीपी वेस्ट विजय ढुल ने बताया कि बिठूर के श्रवण निषाद और निखिल निषाद के घर व पनकी में ललित दुबे और बिल्हौर सर्किल में चार अपराधियों के घर दबिश दी गई। डीसीपी साउथ रविन्द्र सिंह ने बताया कि उनके जोन में 27 जगह चेकिंग की गई। घाटमपुर में इकराम के घर से तमंचा बरामद किया गया।

RO No. 13467/11