कोरबा। कारगिल विजय दिवस पर आज यहां पूर्व सैनिकों के साथ-साथ अर्धसैनिक बलों, एनसीसी और अधिकारियों व गणमान्यजनों ने वीर जवानों का स्मरण किया, जिन्होंने राष्ट्र सेवा करते हुए अपने आपको बलिदान कर दिया। आज सुबह नेताजी सुभाषचंद्र बोस चौराहा पर यह कार्यक्रम हुआ।
पूर्व सैनिक संघ की ओर से इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पिछले वर्षों से इसकी शुरुआत हुई है। इस बार भी कार्यक्रम में काफी संख्या में लोगों ने अपनी भूमिका निभाई। दो दिन पहले से ही आयोजन के लिए यहां पर तैयारी की जा रही थी, जिसे पिछली रात अंतिम रूप दिया गया। आज सुबह कार्यक्रम की शुरुआत हुई। पूर्व सैनिक संघ के सदस्यों के साथ अर्धसैनिक बल के जवानों, एनसीसी कैडेट, एनएसएस के अलावा जिले के अधिकारियों, मातृशक्ति और गणमान्य लोगों ने यहां पर उपस्थिति दर्ज कराने के साथ पुष्पचक्र अर्पित किए और उन जवानों को श्रद्धांजलि दी जिन्होंने कारगिल पर पाकिस्तानी घुसपैठ रोकने के लिए अपना सर्वस्व बलिदान किया। कारगिल विजय के 25 वर्ष पूरे होने पर इस बात को भी याद किया गया कि आखिरकार भारतीय सेना ने अपने अद्भुत पराक्रम और शौर्य को दिखाते हुए अपने सीमा क्षेत्रों की न केवल रक्षा की बल्कि पाकिस्तानी घुसपैठियों को नेस्तानाबुद कर दिया। पूर्व सैनिक संघ के संगठन मंत्री कैप्टन मुकेश अधलखा ने बताया कि आज शाम नेताजी चौराहे पर दीपक प्रज्जवलित किए जाएंगे। इसके पश्चात् देशभक्ति गीतों का गायन होगा। लोगों से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया गया।