
रांची, २९ अगस्त । झारखंड का कुख्यात अपराधी अमन साहु के नाम पर कारोबारी मो. वसीम से पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। पुलिस ने इस मामले में केस करने के बाद जांच की तो पता चला कि व्यापार के विवाद में रंगदारी की मांग की गई है। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगी। पुलिस का कहना है कि जिस नंबर से रंगदारी की मांग की गई है, उसी नंबर से उस व्यक्ति को भी फोन किया गया है, जहां से वसीम सामान खरीदता है। पुलिस हर बिंदु पर गंभीरता से जांच कर रही है।पुलिस का दावा है कि व्यापार के विवाद में ही वसीम को डराने की कोशिश की जा रही है। जल्द ही इस विवाद का पता लगा लिया जाएगा और फोन करने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। इससे पहले भी कई मामलों में ऐसा देखा गया है कि जेल में बंद अपराधियों के नाम पर कारोबारियों को धमकी दी गई है, लेकिन मामले को जांचने के बाद पता चला किअपराधियों के नाम का इस्तेमाल कर कारोबारियों को डराने-धमकाने का प्रयास किया जाता है।मो. वसीम ने पुलिस को बताया है कि धमकी के बाद से पूरे परिवार में दहशत का माहौल है। रंगदारी का पैसा नहीं देने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई है।













