आईसीडीएस की निगरानी में संस्था हो रही संचालित
कोरबा। रामपुर बैगिनडभार क्षेत्र में संचालित बालिका आश्रय गृह में एक किशोरी द्वारा खुदकुशी के मामले गरमाए हुए हैं। इस मामले में न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं। महिला दंडाधिकारी इसकी जांच कर रहीं हैं। इस बीच आज मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। सिविल लाइन पुलिस ने बताया कि प्रक्रियाओं के तहत इस मामले में कार्यवाही जारी है। आगे होने वाली जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के तर्क से स्पष्ट हो सकेगा कि घटना के पीछे असली कारण क्या थे।
आश्रय गृह में उन बालिकाओं, किशोरियों और महिलाओं को रखने की व्यवस्था है जो अलग-अलग कारण से गुम होने के बाद मिलती है या फिर उन्हें रेस्क्यू किया जाता है अथवा अन्य परिस्थिति में वे अपने घर नहीं जाना चाहतीं। इस पर अगले विकल्प अपनाते हुए व्यवस्था के तहत उन्हें प्रशासन के द्वारा संचालित किए जा रहे आश्रय गृह में रखा जाता है। कोरबा के रामपुर बैगिनडभार में एक संस्था इस प्रकार का केंद्र चला रही है जो आईसीडीएस की देखरेख में है। सरकार की गाइड लाइन के तहत यहां पर सुरक्षा के अलावा अन्य प्रबंध किए गए हैं। खबर के मुताबिक एक 16 वर्षीय किशोरी ने वार्डन और अन्य से नजर बचाकर इस घटना को अंजाम दिया। बाथरूम में उसका शव फंदे पर लटका मिला। काफी समय तक जब वह अपने कक्ष में नजर नहीं आई तो स्वाभाविक रूप से चिंता हुई और उसे तलाशा गया। संबंधितों को जानकारी दिए जाने के बाद पुलिस को सूचित किया गया। सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर पहुंच स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक पूछताछ की। उस दौरान इस घटना के बारे में जानकारी हुई। सिविल लाइन टीआई ने बताया कि मृतका का शव फंदे पर लटका मिला था। इस आधार पर प्रकरण को संदिग्ध मौत से जुड़ा माना गया। आगे न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं और उक्तानुसार अनुसंधान हो रहा है। आज मृतका के शव का पोस्टमार्टम किया गया। इसकी वीडियोग्राफी कराई गई। पीएम रिपोर्ट और न्यायायिक जांच में जो चीजें सामने आएंगी उस आधार पर आगे कार्यवाही हो सकेगी।
यही हाल किशोर गृह का
विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त किशोरवय के आरोपी को कानून के अनुसार अगली स्थिति तक किशोर सुधार गृह में रखने के आदेश हैं। कोरबा के रिस्दी क्षेत्र में इनके लिए व्यवस्था की गई है। नगर सेना और पुलिस के जवानों की सुरक्षा में यह केंद्र चल रहा है। यहां से अब तक कई किशोर फरार हो चुके हैं और इनके चक्कर में सुरक्षा कर्मियों को विभाग ने सस्पेंड किया है। इसलिए यहां सुरक्षा के कड़े प्रबंध करने पड़े हैं।