कोरबा। हाथियों का उत्पात थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाथी किसानों की मेहनत पर पानी फेर रहे हैं। हाथियों के विचरण से फसल चौपट हो रही है। साथ ही जान माल का खतरा भी बना हुआ है। जिसे लेकर प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों को रतजगा कर रात गुजारनी पड़ रही है। फसल और जान बचाने जागी आंखों से निगरानी करना उनकी मजबूरी है। जिले दोनो ही वन मंडलों के प्रभावित गांवों में फसल बचाने के लिए लोगों की रातें मचान में कट रही। ग्रामीण पारी बना कर रात ही नहीं बल्कि दिन में धान की रखवाली कर रहे हैं। रात के समय हाथ में टार्च और मशाल उनका मुख्य हथियार होता है। जागने वाला पहरेदार हर 15 से 20 मिनट के अंतराल में चारों ओर टार्च घूमाकर देखता है कि कहीं हाथियों का समूह तो नहीं आ रहा। मचान पर चढ़े किसान मोबाइल से हाथी मित्रदल और वन विभाग के टीम के संपर्क में रहते हैं। मशाल और हूटिंग से हाथियों को भगाने का प्रयास करते हैं। सुगंधित धान की खेती किसानों के लिए जी का जंजाल बन गया है। हाथियों को भी यह धान बहुत भाता है। यही वजह है कि करतला, केंदई क्षेत्र के किसानों की खेत में घुस कर हाथी धान को चट कर जा रहे। इसका असर सुगंधित धान की रकबा पर भी पड़ रहा। बीते वर्ष जिले 600 हेक्टेयर में सुगंधित धान की खेती की गई थी, पर वह घट कर 100 हेक्टेयर में सिमट गई है। इन दिनों खेतों में लहलहाती सुगंधित धान की सुगंध की वजह से हाथी करतला रेंज के प्रभावित गांव के इर्द- गिर्द डेरा डाल रखें हैं।ग्रामीण क्षेत्रों में हाथियों की दस्तक से लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। लहलहाती धान की पसल खास कर सुगंधित धान हाथियों के लिए बेहतर चारा साबित हो रहा है। धान में आ रही बालियों को खाने से अधिक रौंदे जाने से नुकसान हो रहा है। वन विभाग के अधिकारियों की माने तो ग्राम बनिया के निकट जंगल में विचरण कर रहे हाथियों के दल में दो बच्चे भी शामिल हैं। करीब एक माह पहले ही इनका जन्म हुआ है। यही वजह है कि हाथी एक जगह से दूसरी जगह नहीं जा रहे। विभागीय स्तर पर प्रयास किया जारहा है कि हाथी जंगल की ओर चले जाएं। ज्यादातर ऐसे किसानों ने सुगंधित धान का फसल लिया है जिनके खेत गांव के नजदीक है। इसके अलावा बाडिय़ों में भुट्टा और सब्जियों की फसल के कारण हाथी गांव की सरहद तक पहुंच जा रहे है। पखवाड़े भर के भीतर पसान, केंदई और जटगा रेंज के आसपास के खेतों में 13 एकड़ से भी अधिक फसल को क्षति पहुंचाया है। वहीं हाथियों ने छह मकानों को ध्वस्त कर दिया है। हाथियों की धमक से कच्चे आवास में रहने वाले ग्रामीण रात में आंगनबाड़ी अथवा स्कूल में आश्रय लेकर दिन गुजार रहे हैं। साल भर की कमाई को हाथी कहीं पल भर में नष्ट न कर दें, इस आशंका के बीच प्रभावित गांव के किसानों के दिन बीत रहे।