
कोरबा। वनमंडल कटघोरा के केंदई रेंज में लोनर हाथी चेतक का आतंक लगातार जारी है। आज सुबह खेत देखने गए एक किसान का कोरबी सर्किल में पुराना मातिन दाई मंदिर के पास उसका सामना लोनर हाथी चेतक से हो गया। चेतक ने देखते ही उसे दौड़ाया जिस पर भागने के चक्कर में वह गड्ढे में गिर गया और चोटिल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार खडफ़ड़ी पारा निवासी रंगलाल यादव आज सुबह 8.30 बजे के लगभग अपने खेत को देखने गया था तभी पुराना मातिन दाई मंदिर के पास सड़क किनारे विचरण कर रहे लोनर हाथी से सामना हो गया। लोनर ने देखते ही उस पर हमला करने की कोशिश की और काफी दूर तक दौड़ाया। भागने के फेर में रंगलाल गड्ढे में गिरकर घायल हो गया। उसे उपचार के लिए पीएचसी में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद लोनर डंपिंग एरिया में पहुंचकर विचरण कर रहा है।