किसान संगठनों का ग्रामीण भारत बंद जारी, नहीं मिला व्यापारी संगठनों का साथ

नईदिल्ली। पंजाब-हरियाणा बॉर्डर पर किसान संगठनों का जमावड़ा लगा हुआ है। वह अपनी मांगों को लेकर दिल्ली कूच की जिद पर अड़े हुए हैं। हरियाणा की पुलिस ने शंभू बॉर्डर पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इंटरनेट की सेवा को भी बंद कर दिया है। इस बीच संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने ऐलान किया है कि 16 फरवरी को पूरा भारत बंद रहेगा। पंजाब और हरियाणा में इसका व्यापक असर देखने को मिल रहा है। संयुक्त किसान मोर्च ने इस भारत बंद को सफल बनाने के लिए दूसरे किसान संगठनों व किसानों से इसमें शामिल होने की अपील की है। यह भारत बंद सुबह 6 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक रहेगा। दरअसल, सैकड़ों की तादाद में किसान पंजाब से मार्च करते हुए दिल्ली की ओर जाने के लिए निकले थे। उनको दिल्ली से लगभग 200 किमी दूर अंबाला के पास हरियाणा की सीमा शुरू होते ही हरियाणा सुरक्षा बलों ने रोक दिया। किसान संगठनों के बैरीकेंडिग को तोडऩे की कोशिश को देख सुरक्षा बलों ने उन पर आंसू गैस का इस्तेमाल किया। सुरक्षाबलों के बल प्रयोग के विरोध में इस भारत बंद का ऐलान किया है। 16 फरवरी को हड़ताल की वजह से कृषि गतिविधियां, निजी कार्यालय, गांव में दुकानें, ग्रामीण औद्योगिक व परिवहन की सुविधाएं बंद रहेंगी। इस दौरान आपातकालीन सेवाएं जैसे एंबुलेंस का आना-जाना, न्यूज पेपर का वितरण, विवाह के कार्यक्रम, मेडिकल की दुकान, परीक्षा देने जा रहे छात्रों को परेशान नहीं किया जाएगा। भारत बंद का पंजाब में व्यापक असर देखने को मिल रहा है। यहां बस सेवा पूरी तरह बंद है। वहीं बाजार भी सूने पड़े हैं। हालांकि शिक्षण संस्थान चालू हैं। किसान संघों के भारत बंद को व्यापारी संगठनों का समर्थन नहीं मिला है। व्यापारी समुदायों ने व्यवसाय संचालन को निर्बाध रूप से जारी रखने का फैसला किया है। किसान संगठनों और सरकारों के बीच तीसरे दौर की वार्ता देर रात तक चली। केद्रीय कृषि मंत्री अर्जुन मुंडा ने बताया कि वार्ता सकारात्मक रही। अब दोनों पक्ष आगे की चर्चा के बाद रविवार को एक बार फिर जुटेंगे।
किसानों के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए डीसीपी ट्रैफिक नोएडा ने 16 फरवरी के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। साथ ही ट्रैफिक हेल्पलाइन नंबर 9971009001 भी जारी किया है। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि हमने ग्रामीण भारत बंद के बारे में बात की है। किसान कल अपने खेतों में नहीं जाएंगे। इससे एक बड़ा संदेश जाएगा। इस आंदोलन की एक नई विचारधारा है। राजमार्ग बंद नहीं किए जाएंगे। हमारे बैठकें जारी रहेंगी और हम वहीं निर्णय लेंगे।उन्होंने कहा कि 17 फरवरी को सिसौली में मासिक पंचायत होगी। एमएसपी पर हमारी मांग तो है लेकिन इस पर रणनीति बनानी होगी। हमने लोगों से स्वेच्छा से बंद में भाग लेने का आग्रह किया है। हरियाणा के अंबाला, कुरूक्षेत्र, कैथल, जिंद, हिसार, फतेहाबाद और सिरसा जिलों में वॉयस कॉल को छोडक़र मोबाइल नेटवर्क पर दी जाने वाली मोबाइल इंटरनेट सेवाएं, एसएमएस और सभी डोंगल सेवाएं आदि 17 फरवरी तक बंद रहेंगी।

RO No. 13467/11