चंडीगढ़। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) से जुड़े किसान संगठनों ने छह दिसंबर को शंभू से दिल्ली पैदल मार्च की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। किसानों की ओर से जारी किए गए रोड मैप के अनुसार जत्था हर दिन सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक पैदल मार्च करेगा। शाम ढलते ही सड़क किनारे ही अपनी रात गुजारेगा। रविवार को चंडीगढ़ स्थित किसान भवन में रोड मैप जारी करते हुए किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि किसानों का पहला जत्था सुबह नौ बजे शंभू बार्डर से रवाना होगा और शाम तक अंबाला पहुंचेगा।
पंधेर ने कहा कि पैदल मार्च के दौरान चार स्थानों रुकने का कार्यक्रम है, लेकिन यह भी तय किया गया है कि शाम होने पर जत्था जहां भी पहुंचेगा। वहीं, सड़क किनारे विश्राम करेगा। जत्थे में शामिल किसानों के आराम करने से लेकर खाने तक की व्यवस्था हरियाणा के किसान करेंगे।