कुएं के पानी को लेकर विवाद चचेरे भाई की टांगी से वार कर हत्या

वाड्रफनगर। रघुनाथनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरी में आरोपित ओमप्रकाश खैरबार (35) ने चचेरे भाई मृतक हरिवंश खैरवार (40) की टांगी (कुल्हाड़ी) से वार कर हत्या कर दी। पुश्तैनी कुएं के पानी को लेकर उपजे विवाद में घटना हुई। पुलिस ने आरोपित ओमप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार शुक्रवार 11 अगस्त 2023 की दोपहर रघुनाथनगर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पण्डरी के भादेपतरा मोहल्ले में आरोपित ओमप्रकाश खैरवार ने अपने चचेरे भाई हरिवंश खैरवार की गर्दन पर कुल्हाडी से मारकर हत्या कर दी है। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया है। सूचना पर रघुनाथनगर थाना प्रभारी बाजीलाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को अस्पताल भिजवाया। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दो अलग-अलग टीमों को लगाया गया। रघुनाथनगर पुलिस टीम द्वारा उत्तरप्रदेश की सीमा से लगे गिरवानी जंगल मे घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ लिया। पुलिस पूछताछ में शराब के नशे में आरोपित द्वारा हत्या करना स्वीकार किया गया। थाना प्रभारी बाजीलाल सिंह ने बताया कि मृतक एवं आरोपित के पिता सगे भाई हैं। दोनों के घर के बीच पुश्तैनी कुआं के पानी का उपयोग करने की बात को लेकर कुछ दिनों से चचेरे भाइयों के मध्य वाद- विवाद होता रहता था। आरोपित ओमप्रकाश जब भी शराब सेवन करता था तो गाली- गलौज कर टांगी लेकर मृतक को धमकी दिया करता था। फिर भी दोनों के मध्य बातचीत, उठना- बैठना होता था। घटना दिवस की सुबह से आरोपित शराब सेवन कर रहा था। वह अपने घर के पास से मृतक हरिवंश को गाली- गलौज कर कुआं का पानी पीने व उपयोग करने से मना कर रहा था। मृतक द्वारा गाली- गलौज करने से मना करने पर आरोपित ने कुल्हाड़ी से गर्दन के पास वार कर गहरा जख्म पहुंचाया। तब तक पडोसी विरेन्द्र खैरवार व उसके साथ रामजीत भी पहुंचकर बीच बचाव करने का कोशिश करने लगे किन्तु इन्हें भी आरोपित द्वारा धमकाया गया। मृतक ने आरोपित के हाथ से कुल्हाड़ी को छीनकर घायल अवस्था में खून से लथपथ अपने घर की ओर भागने का प्रयास किया लेकिन खेत में गिर गया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक डा लाल उमेद सिंह व एसडीओपी अभिषेक झा ने फरार आरोपित की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।आरोपित भागकर उत्तर प्रदेश के सीमा से लगे जंगल में ग्राम गिरवानी के पास छिपा था। जानकारी अर्धरात्रि में मिलने पर घेराबन्दी करके हिरासत में लिया गया। आरोपित को गिरफ्तार करने में थाना प्रभारी निरीक्षक बाजीलाल सिंह, सहायक उप निरीक्षक ललित एक्का, प्रधान आरक्षक उमेश यादव, नरेन्द्र तिर्की, आरक्षक मनोज गुप्ता, राजेश्वर लकडा, कमिल बडा, अंकित जायसवाल, संतोष गुप्ता, नगर सैनिक अरुण पटेल का योगदान रहा।

RO No. 13467/11