इंफाल, २१ जनवरी [। हिंसाग्रस्त मणिपुर के मोरेह शहर में सुरक्षाबलों ने उग्रवादियों, विशेष रूप से म्यांमार के घुसपैठियों को बाहर निकालने के लिए अभियान शुरू किया है। इस बीच, कुकी संगठन ने आरोप लगाया है कि सुरक्षाबल उग्रवादियों के साथ मिले हुए हैं। हालांकि, इन आरोपों से मणिपुर पुलिस ने इनकार कर दिया है। मोरेह म्यांमार की सीमा से सटा एक कस्बा है और राज्य सरकार का आरोप है कि पड़ोसी देश के शरारती तत्व पूर्वोत्तर राज्य में समस्या पैदा कर रहे हैं। दरअसल, हाल ही में यहां कई हिंसा की घटनाएं हुई हैं। इस बीच, कुकी संगठन ने आरोप लगाया था कि मोरेह में सुरक्षा बलों ने उग्रवादी गुटों के साथ सहयोग किया है।इस पर पुलिस ने बयान जारी कर इन आरोपों को खारिज कर दिया है। उसका कहना है, जनजातीय एकता समिति (सीओटीयू) और कुकी इंपी मणिपुर द्वारा लगाए गए यह आरोप कि विद्रोही समूहों का सुरक्षाबल साथ दे रहे हैं, सही नहीं है। आरोप निराधार और भ्रामक हैं।