
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव में खलल डालने के लिए आतंकियों के मंसूबों को सुरक्षाबल नाकाम कर रहे हैं। दक्षिण कश्मीर के काजीगुंड, कुलगाम में टारगेट किलिंग के एक षड्यंत्र को सुरक्षाबलों ने विफल कर आतंकी माड्यूल के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
इनके पास से एक पिस्तौल, दो मैगजीन, 27 कारतूस, तीन हथगोले, असाल्ट राइफल के 45 कारतूस मिले हैं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए सभी आतंकी स्थानीय हैं और यह कुछ ही दिन पहले ही एक आतंकी संगठन में सक्रिय हुए थे। आतंकी संगठन के एक हैंडलर ने इन्हें काजीगुंड और उसके साथ सटे इलाकों में टारगेट किलिंग करने और सुरक्षाबलों पर ग्रेनेड हमले का जिम्मा सौंपा था। इन वारदात को अंजाम देने के साथ ही इन्हें आतंकी संगठन में शामिल होने का एलान करना था, लेकिन पुलिस को समय रहते पता चल गया और उसने सेना व सीआरपीएफ के जवानों के साथ मिलकर इन्हें पकड़ लिया।




















