
कोरबा। यहां के खपराभटटा इलाके में एक तालाब में डूबकर मृत हुए युवक का शव कई घंटे बाद मंगलवार की सुबह एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाते हुए निकाल लिया। खास बात यह है कि मृतक की पहचान आसपास में कुशल तैराक की थी और बीते समय में उसने कई मामलों में इसकी बानगी पेश की थी। ऐसे में तालाब में डूबने से उसकी मौत पर रहस्य का साया उठ खड़ा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम किया है। कई एंगल से इस मामले की जांच की जाएगी। सिविल लाइन पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत सीएसईबी पुलिस चौकी इलाके में यह घटना हुई। वार्ड संख्या 21 में आने वाले खपराभटटा के स्मृति उद्यान के पीछे एक तालाब मौजूद है जहां पर डूबने से तैराक की मौत होने की खबर कल मिली। इसके साथ कई तरह की चर्चाएं खड़ी हो गई। बताया जा रहा है कि रात 10 बजे रामरतन यादव अपने दो दोस्तों के साथ तालाब के किनारे बैठा हुआ था। फिर अचानक नहाने के इरादे से तालाब में उतर गया। उसके मित्रों ने उसे कुछ देर तक तैरते हुए देखा लेकिन कुछ समय के बाद उसकी गतिविधियां नजर आनी बंद हो गई। ऐसे में साथियों का हड़बड़ाना स्वाभाविक था। उन्हें इसे लेकर कुछ नहीं सूझा कि अब क्या किया जाए। अनिष्ठ की आशंका को लेकर दोस्तों ने इसकी सूचना आस पास के लोगों को दी। तय किया गया कि मामला गंभीर है इसलिए कुछ तो करना होगा। इलाके के जो लोग तैरना जानते थे उनका सहयोग लेकर तालाब में लापता हुए रामरतन यादव की खोजबीन रात्रि में की गई। लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को अवगत कराया गया। मामला उलझा हुआ था इसलिए एसडीआरएफ को खबर दी गई। सुबह एक बार फिर नगर सेना के गोताखोरों द्वारा के जवानों द्वारा वोट के माध्यम से युवक की फिर से खोज भी शुरू कर दी गई है। इसी बीच तकरीबन 10 बजे तालाब से युवक की लाश बरामद कर लिया गया है। पुलिस ने 176 सीआरपीसी के अंतर्गत मर्ग कायम कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल के चीरघर भेजने की कार्रवाई की गई है। हर तरह के दावों को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने प्रकरण में अगली जांच करने की बात कही है। कहा जा रहा है कि कुशल तैराक की मौत सामान्य तरीके से डूबने जैसी घटना से नहीं हो सकती और अगर ऐसा कुछ हुआ है तो उसके पीछे दूसरे एंगल भी हो सकते हैं। सच्चाई क्या है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की पुलिसिया जांच से स्पष्ट हो सकेगी।



















