
जांजगीर चांपा । शारदीय नवरात्रि के अवसर पर कृष्णा विहार कॉलोनी घुठिया (कुदरी) में माँ दुर्गा को विधि विधान से कलश स्थापना, पूजा-अर्चना करते हुए विराजित की गई। सुबह से ही मां के आगमन की तैयारियों को लेकर कॉलोनीवासी उत्साहित दिखे। मां दुर्गा के पंडाल के आगे गोबर से लीपकर, रंगोली बनाकर स्वागत किया गया। सुबह से बच्चे मां दुर्गा के आगमन को लेकर जयकारे लगाते रहे। मां दुर्गा स्थापना पंडित साकेत महाराज ने पूजा-अर्चना कर कराई। पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा अर्चना आरती के साथ सभी के अच्छे स्वास्थ्य, मिलजुल कर रहने की कामना करते हुए भजन गाए गए। कॉलोनी में मां दुर्गा को चौथे वर्ष भी बड़े ही धूमधाम से विराजमान किया गया है। शेर पर सवार होकर माता के जयकारों से कॉलोनी गुंजायमान हो गई। कॉलोनी के कम्युनिटी हॉल एवं परिसर को रंगीन लाइट,झालरों से आकर्षक सजाया गया। नव दुर्गा उत्सव समिति सदस्यों ने बताया कि प्रतिदिन अलग-अलग आयोजन किए जाएंगे। मां की आरती के उपरांत वरिष्ठजनो का सम्मान, भजन संध्या, जसगीत, डांडिया, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन होगा। वहीं महिलाओं, बच्चों के लिए रंगोली, मटका, थाली सजाओ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विजयादशमी के दिन माता विसर्जन, श्री राम दरबार के साथ रावण दहन का भी कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।























