दो घायल, डीएफओ सहित वन विभाग के अधिकारी तत्काल मोके पर पहुंचे दी मदद

कोरबा। कोरबा जिला में आज दोपहर करीब 1 बजे जंगली हाथी ने खदान के कोल डम्पिंग क्षेत्र के नजदीक करील तोडऩे गए ननंद भाभी पर हमला कर मौत के घाट उतार दिया,वहीं एक पुरुष गंभीर रूप से घायल कर दिया है।जिसे तत्काल चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी,रेंजर व कर्मचारीगण मौके में पहुंचकर ग्रामीणों से चर्चा व निरीक्षण करने के बाद तात्कालिक सहायता राशि मृतकों के परिजनों को दे दिए है एवं शेष राशि सभी औपचारिकता पूर्ण होने के बाद दे दी जाएगी। वनमंडल अधिकारी कटघोरा कुमार निशांत के अनुसार आज दोपहर करीब 1 बजे ग्राम कोरबी निवासी नरसिंह पैकरा (42)अपनी पत्नी राजकुमारी(39) व बहन पुन्नीबाई (55) तथा भांजा दीपक के साथ चोटिया खदान के डम्पिंग क्षेत्र में करील तोडऩे गये हुए थे। इस दौरान एक दंतैल हाथी ने उन पर हमला कर राजकुमारी व पुन्नीबाई की मौत के घाट उतार दिया,वही नरसिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया।जिसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र,पौड़ी-उपरोड़ा में भर्ती कराया गया है। भांजा दीपक ने भागकर जान बचाई। वनमंडल अधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही वे स्वयं रेंजर अभिषेक दुबे व अन्य कर्मचारियों के साथ मौके में पहुंचकर मृतकों के परिजनों,ग्रामीणों से चर्चा कर जानकारी हासिल की और ग्रामीणों को जंगल की ओर जाने से मना करने के साथ सतर्क रहने के लिए आगाह किया।
वनमंडल अधिकारी ने बताया कि मृतकों के परिजनों को 25 – 25 हजार रुपये तात्कालिक सहायता राशि दे दी है तथा शेष 5.75 – 5.75 लाख रुपये शासन के नियमानुसार सभी औपचारिकता पूर्ण होने के बाद दे दी जाएगी।गंभीर रूप से घायल नरसिंह के इलाज के तत्काल 5 सौ रुपये दी गई है तथा उसके सम्पूर्ण इलाज का खर्च भी विभाग उठाएगी। वर्तमान में केंदई व ऐतमा नगर वन परिक्षेत्र में 41 हाथियों का दल विचरण कर रहा है।