
नई दिल्ली 21 जुलाई। आबकारी नीति घोटाला मामले में तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के भोजन और बीमारी को लेकर रार बढ़ती जा रही है। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने फिर आरोप लगाया है कि भाजपा और एलजी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मारने की साजिश कर रहे हैं। संजय सिंह ने कहा, अरविंद केजरीवाल का शुगर लेवल कई बार 50 के नीचे पहुंच गया था। यह रिपोर्ट किसी और ने नहीं बल्कि बीजेपी के जेल प्रशासन के डॉक्टर द्वारा ही उपलब्ध कराई गई है। बीजेपी के एलजी और जेल प्रशासन बार-बार दिल्ली सीएम की तबीयत को लेकर झूठ बोल रहे हैं।
यह हत्या के प्रयास का मामला भी हो सकता है। हम इस साजिश में शामिल लोगों के खिलाफ हत्या का प्रयास मामले में मुकदमा भी दर्ज करा सकते हैं। पहले बीजेपी, एलजी और तिहाड़ जेल प्रशासन ने कहा था कि अरविंद केजरीवाल जान-बूझकर अपनी शुगर बढ़ा रहे हैं। वह मिठाई खा रहे हैं। इन लोगों ने उन्हें इंसुलिन तक नहीं दी। वो तो कोर्ट के आदेश पर इंसुलिन दी गई। अब कह रहे हैं कि केजरीवाल कुछ खा ही नहीं रहे हैं। वह इंसुलिनले ही नहीं रहे हैं। आपने क्या मजाक लगा रखा है। क्या कोई व्यक्ति खुद ही अपनी सेहत से खिलवाड़ करेगा। उन्होंने कहा कि क्या कोई आदमी रात में अपना शुगर लेवल कम कर सकता है। जोकि बहुत खतरनाक है। कहा कि एलजी साहब को सीएम की बीमारी के बारे में पता नहीं है।
उन्होंने कहा कि सीएम केजरीवाल का शुगर लेवल कई बार खतरनाक रूप से 50 से नीचे चला गया है। इससे वो कोमा में जा सकते हैं और ब्रेन स्ट्रोक का खतरा हो सकता है। क्या एलजी और भाजपा को लगता है कि कोई व्यक्ति जानबूझकर खुद को ऐसे बीमार कर सकता है? उन्होंने कहा कि यह भाजपा की साजिश है। भाजपा को पता था कि अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिल जाएगी। इसलिए उसने जबरदस्ती सीबीआई से अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार करवाया, क्योंकि उसे यह पता था कि अरविंद केजरीवाल की तबीयत खराब है। भाजपा जानती है कि केजरीवाल जितने दिन जेल में रहेंगे, उनकी सेहत उतनी ही खराब होती जाएगी। उन्होंने कहा कि जेल प्रशासन,एलजी हाउस और भाजपा केजरीवाल को मारने की गहरी साजिश कर रही है।उन्होंने कहा कि यह हत्या के प्रयास का मामला बनता है, हम अपने वकीलों से राय ले रहे हैं।