केबिन मेें घुसा हाईवा, सुरक्षा कर्मी घायल

कोरबा। डा श्यामा प्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत संयंत्र (डीएसपीएम) में सुरक्षा कर्मी के केबिन में हाइवा जा घुसा। घटना में केबिन टूट कर सुरक्षा कर्मी पर जा गिरा। गंभीर रूप से घायल कर्मी को उपचार के लिए निजी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। घटना को लेकर कर्मियों में नाराजगी व्याप्त हो गई है।
विद्युत उत्पादन कंपनी के कोरबा पूर्व स्थित डीएसपीएम संयंत्र के पीछे तरफ साइलो से राख परिवहन करने के लिए गेट बना हुआ है। यहां से केवल हाइवा व ट्रक का आवागमन होता है, जो राख भर कर निकलते हैं। इन भारी वाहनों की आवाजाही पर निगरानी व रजिस्टर में इंट्री करने के लिए सुरक्षा कर्मी की भी तैनाती की जाती है। कर्मी के लिए केबिन (गुमटीनुमा) बना दिया गया है। जहां कर्मचारी बैठ कर रजिस्टर में लिखते हैं और पर्ची काट कर देते हैं। मंगलवार को द्वितीय पाली में सुरक्षा कर्मी रामसिंह कंवर 50 साल अपने केबिन (गुमटी) में बैठ कर काम निपटा रहा था, तभी एक हाइवा राखड़ लोड लेकर आया। शेफ अहमद नामक व्यक्ति का चालक ने वाहन को किनारे खड़ा कर दिया तथा हैंड ब्रेक नहीं लगाया। नीचे उतर कर चालक केबिन में जाकर पर्ची बनाने लगा। इस बीच हाइवा केबिन की ओर लुढक़ने लगा। सुरक्षा कर्मी समेत अन्य उपस्थित लोग कुछ समझ पाते, इसके पहले ही हाइवा केबिन से जा टकराया और केबिन टूट कर नीचे सुरक्षा कर्मी के सिर पर जा गिरा। घटना में सुरक्षा कर्मी राम सिंह के सिर व कमर में चोंट लगी।

RO No. 13467/10