
कैथल। शुक्रवार को शाम करीब साढ़े पांच बजे परिवहन मंत्री अनिल विज अचानक से बस स्टैंड पर पहुंच गए। वे सिरसा से चंडीगढ़ जा रहे थे। आनन-फानन में रोडवेज महाप्रबंधक, पुलिस की टीम और रोडवेज कर्मचारी मौके पर पहुंच गए।
विज ने शौचालयों में सफाई ना मिलने पर बस अड्डा इंचार्ज सुनील कुमार को निलंबित कर दिया। उन्होंने कर्मचारियों को कहा कि या तो सुधर जाओ नहीं तो कार्रवाई होगी। इसके अलावा बस को सवारियों से धक्का लगवाने पर ड्राइवर मोनू को भी निलंबित कर दिया। जिस कर्मचारी ने बस में बैटरी रखी थी, उस पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। बस स्टैंड पर पहुंचने के बाद मंत्री ने खाने-पीने की कैंटीन पर सामान की जांच की। बिस्कुट और नमकीन को खाकर चेक किया। इसके बाद पानी भी पिया। मौके पर ही फूड एंड ड्रग विभाग की टीम को खाने के सामान के सैंपल लेकर जांच करने के निर्देश दिए। पीने के पानी की बोतल पर जो मुहर लगी हुई थी उसकी भी जांच करने के लिए कहा गया है कि सही है या नहीं।
एक बूथ संचालक विज के आते ही दुकान बंद कर भाग गया। उसमें रखे सामान के सैंपल लेकर जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा वहां खड़ी एक प्राइवेट बस के चालक और परिचालक से भी बस के चलने के समय को लेकर पूछताछ की। टिकट कैसे काट रहे हो, यह जानकारी ली।





















