
यूपी। सोनभद्र जिले से एक बेहद दर्दनाक सडक़ हादसे की खबर सामने आई है। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के हिन्दुआरी इलाके में तेज रफ्तार ट्रक ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक पर सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के मुताबिक, बाइक पर कुल तीन लोग सवार थे, जो किसी तिलक समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक हिन्दुआरी के पास पहुंची, तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें रौंद दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस हादसे में जान गंवाने वालों में चंद्रगुप्त मौर्य इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य दयाशंकर सिंह भी शामिल हैं। उनके साथ बाइक पर सवार दो अन्य लोगों की भी मौत हो गई, जिनकी पहचान हिन्दुआरी गांव निवासी प्रेम सिंह पुत्र केदार सिंह और कमला सिंह पुत्र सोमरू निवासी तिलया थाना रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई है। तीन लोगों की एक साथ मौत से उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

























