कोऑपरेटिव बैंक चांपा के कर्मचारियों पर कार्रवाई जल्द

जांजगीर। मृत व्यक्ति के नाम केसीसी लोन निकालकर रकम आहरण करने के मामले में कोआपरेटिव बैंक चांपा के शाखा प्रबंधक और कर्मचारियों के खिलाफजांच की कार्रवाई पूरी हो गई लेकिन कार्रवाई महीनों से लंबित है। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर मर्यादित कार्यालय में मामले की फाइल धूल फांक रही। इस मामले में पहले ही सेवा सहकारी समिति मर्यादित सिवनी चांपा के प्रभारी समिति प्रबंधक ललित देवांगन को बर्खास्त करने की कार्रवाई की गई थी। शिकायतकर्ता आशीष राठौर ने बिलासपुर कलेक्टर से मुलाकात कर इस पूरे मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। जिस पर कलेक्टर ने मामले में संज्ञान लेने का भरोसा दिलाया है। खास बात यह है कि डबल इंजन की सरकार में भी कार्रवाई नहीं होना चर्चा का विषय बन गया है। गौरतलब है कि चांपा से लगे सिवनी निवासी मृत व्यक्ति सागर सिंह पिता धवन सिंह के नाम वर्ष 2022-23 में 1 लाख 35 हजार केसीसी लोन समिति प्रबंधक ललित देवांगन ने तैयार किया था। मामला प्रकाश में आने के बाद शिकायत की जांच कराई गई। जिसमें ललित देवांगन सहित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक चांपा के कर्मचारियों को दोषी ठहराया। सहकारी संस्थाएं जांजगीर के उप पंजीयक ने ललित देवांगन के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए सेवा सहकारी समिति के प्राधिकृत अधिकारी व बलौदा के सहकारिता विस्तार अधिकारी को पत्र लिखा था। वहीं उसकी जगह महावीर बरेठ को प्रभारी समिति प्रबंधक की जवाबदारी सौंपी गई है। इस पूरे मामले में जिला सहकारी बैंक चांपा के शाखा प्रबंधक सहित अन्य कर्मचारियों के खिलाफ अब तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं हो सकी है।

RO No. 13467/11