
कोरबा। बिलासपुर में एक महिला की लाश संदिग्ध हालत में झाडिय़ों के बीच मिली है। शव पुराना होने के कारण उसमें से तेज बदबू आ रही हैं, जिसके माध्यम से लोगों को इस घटना की जानकारी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला के पास से मिले मोबाइल नंबर से उसकी पहचान की है। कोरबा जिले की रहने वाली महिला 11 सितंबर को अपने घर से गायब हुई थी। महिला की मौत कैसे और किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल सका है। मामला रतनपुर थाना क्षेत्र का है। टीआई देवेश सिंह राठौर ने बताया कि ग्राम जाली के पहाड़ी तरफ एक चरवाहा मवेशी चराने गया था। इसी दौरान झाडिय़ों के पास तेज बदबू का अहसास हुआ। उसे लगा कि कोई जंगली जानवर की मौत हुई होगी। लेकिन जब लोगों ने इसकी जानकारी जुटाई और आसपास जाकर देखा, तब पता चला कि एक महिला की लाश पड़ी है, जिससे बदबू फैल रही है।
महिला के शव को देख घबरा कर चरवाहा गांव पहुंचा और लोगों को इस घटना की जानकारी दी। खबर मिलते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गई। इसके बाद सरपंच प्रतिनिधि और कोटवार ने पुलिस को घटना की जानकारी दी।बताया जा रहा हैं की महिला के चार बच्चे हैं। कुछ समय से वह मानसिक रूप से बीमार थी। वह 11 सितंबर को अपने घरवालों को बताए बिना कहीं चली गई, तब से परेशान परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। महिला का शव मिलने की जानकारी मिलते ही परिजन रतनपुर पहुंच गए। उन्होंने महिला के शव की पहचान की। टीआई राठौर ने बताया कि महिला के शव की पहचान होने के बाद उसका पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम कराया गया है। पीएम रिपोर्ट मिलने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का पता चल सकेगा।