
बिश्रामपुर। बुधवार की देर रात करीब दर्जन भर की संख्या में एसईसीएल के ईएंडएम वर्कशाप में घुसे चोरो ने ड्यूटी में तैनात कर्मचारी एवं सुरक्षा गार्ड को बंधक बनाकर करीब 70 मीटर केबल की चोरी कर ली। केबल की कीमत 30 हजार रुपए से अधिक बताई गई है। वर्कशाप में चार दिनों से लगातार चोरों द्वारा चोरी की वारदात को अंजाम दिया जा रहा है। उसके बावजूद वर्कशॉप प्रबंधन द्वारा चोरी की रिपोर्ट दर्ज नहीं कराया जाना जांच का विषय है।
बता दे कि एसईसीएल की लचर सुरक्षा व्यवस्था के कारण कोयला खान क्षेत्रों में लगातार चोरी की घटनाएं घटित हो रही है। हथियारबंद चोरों द्वारा ड्यूटी में तैनात कोयला कर्मचारियों को बंधक बनाकर लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम दिए जाने से कोयला कर्मचारियों में दहशत का माहौल निर्मित है। लचर सुरक्षा व्यवस्था के कारण एसईसीएल विश्रामपुर क्षेत्र के कोयला खान क्षेत्रों में लगातार बेशकीमती कल्पनाओं एवं कबाड़ की चोरियां हो रही है। अधिकांश चोरियों की रिपोर्ट तक दर्ज नहीं कराई जाती। जिन चोरी की वारदातों की लिखित शिकायत स्थानीय थाना में की जाती है। उनमें से भी अधिकांश चोरियों के मामले में अपराध दर्ज नहीं किया जाता है। नगर के तालाबपारा, संडे मार्केट, पउआपारा व सतपता में कबाडिय़ों द्वारा खुलेआम कोयला खान क्षेत्रों से चोरी किए गए सामानों की खरीदी पुलिसिया संरक्षण में की जा रही है। एसईसीएल के ईएंडएम वर्कशॉप में बुधवार की रात्रि पाली में सुरक्षा गार्ड अमरसाय समेत फोरमैन सविंदर पासवान, मोहन राम एवं ट्रासर ऑपरेटर तेजबल राम की ड्यूटी लगाई गई थी। तेजबल राम हाजरी लगाकर नदारद हो गया था। देर रात करीब डेढ़ बजे वर्कशॉप के में गेट का ताला तोडक़र घुसे दर्जन भर चोरों ने ड्यूटी में तैनात सुरक्षा गार्ड अमरसाय समेत कामगार सविंदर पासवान एवं मोहन राम को बंधक बनाकर चाकू, सब्बल एवं लाठी डंडा दिखाकर वर्कशाप से डकैती स्टाइल में करीब 70 फीट आर्मड केबल ले गए। कामगारों ने बताया कि पिछले चार दिनों से चोर लगातार वर्कशॉप में धावा बोलकर सामानों की चोरी कर ले जा रहे हैं।
























