वॉशिंगटन। क्या कोरोना महामारी एक बार फिर लौट रही है? अमेरिका समेत दुनिया के विभिन्न देशों में बढ़ते मरीजों की संख्या तो इसी ओर संकेत कर रही है। ताजा खबर अमेरिका से है, जहां राष्ट्रपति जो बाइडन कोरोना संक्रमित हो गए हैं। हल्के लक्षणों के बाद बाइडन ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। व्हाइट हाउस के अनुसार, अमेरिकी राष्ट्रपति लास वेगास में अपने चुनावी अभियान के दौरान कोविड-19 संक्रमित पाए गए हैं। उनके आगे के प्रोग्राम रद कर दिए गए हैं। व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरिन जीन-पियरे ने बताया कि 81 वर्षीय जो बाइडन को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। बूस्टर डोज भी दिया गया है।