
बिश्रामपुर। एसईसीएल कोयला खान क्षेत्र में लचर सुरक्षा व्यवस्था और चोर गिरोह का आतंक चरम पर है। ड्यूटी में तैनात कोयला कर्मचारी एवं सुरक्षा कर्मियों पर चोरों के हमले से कोयला कामगार दहशत में ड्यूटी करने को मजबूर है। ऐसा ही मामला सोमवार को फिर नजर आया, जब एक्सवेशन वर्कशाप में दिनदहाड़े चोरी करने घुसे दर्जन भर चोरों ने चोरी नहीं करने देने पर दो कोयला कर्मचारियों की पिटाई कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। मामले में विश्रामपुर पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर लिया है।
एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र के एक्शवेशन वर्कशाप में दोपहर करीब साढ़े तीन बजे द्वितीय पाली में मैकेनिकल फिटर इतवारी ठाकुर समेत शक्ति पद राजवाड़े के अलावा इलेक्ट्रीशियन राजेंद्र यादव एवं मैकेनिकल फिटर उपेंद्र तिवारी की ड्यूटी थी। वर्कशाप में सुरक्षा प्रहरी की ड्यूटी नहीं लगाई गई थी। वर्कशॉप में इतवारी ठाकुर व शक्तिपद राजवाड़े एक तरफ ड्यूटी में थे। वहीं दूसरी तरफ राजेंद्र यादव व उपेंद्र तिवारी ड्यूटी कर रहे थे। इस दौरान दोपहर में करीब 10 से 12 की संख्या में एक्सवेशन वर्कशॉप में कबाड़ एवं कलपुर्जो की चोरी करने घुसे चोरो को इतवारी ठाकुर व शक्तिपद राजवाडे ने चोरी करने से मना किया। चोरों द्वारा जान से मारने की धमकी देने के बाद भी उन्होंने चोरी का विरोध किया। चोरी का विरोध करने पर दिनदहाड़े एक्सवेशन वर्कशॉप में घुसे चोरों ने एसईसीएल कर्मचारी इतवारी ठाकुर एवं शक्ति पद राजवाड़े की लाठी डंडे से बेदम पिटाई कर दी। चोरों ने कर्मचारियों पर पथराव भी किया। पथराव में सिर की चोट से गंभीर रूप से घायल इतवारी ठाकुर को एसईसीएल के केंद्रीय चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। वहीं डंडे की पिटाई से गंभीर रूप से घायल शक्ति पद राजवाड़े का भी उपचार जारी है। मामले की रिपोर्ट पर विश्रामपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के विरुद्ध धारा 451, 294, 506, 186, 332, 353, 34 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।
लचर सुरक्षा व्यवस्था व कथित पुलिसिया साठगांठ से कोयला खान क्षेत्र में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही है। कोयला खान क्षेत्रो में चोर गिरोह एक के बाद एक चार चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस के रात्रिगश्त के दावों की पोल खोल रहा है। कोयला खान क्षेत्र में एक बार फिर चोर गिरोह सिलसिलेवार चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा है। चोरो ने बीते दिनों कुमदा 7/8 खदान के कांटाघर एवं बूम बैरियर में दबिश देकर 47 हजार रुपये लागत के दो यूपीएस व पांच नग बैटरी की चोरी कर ली थी। सुरक्षा गार्ड कन्हैया लाल की रिपोर्ट पर विश्रामपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपित के विरुद्ध धारा 457, 380 के तहत चोरी का अपराध दर्ज कर लिया था। इससे पूर्व चोरो ने एसईसीएल विश्रामपुर क्षेत्र की कुमदा 7/8 खदान से कुमदा कालोनी में पावर सप्लाई के लिए लगा 60 मीटर ओवरहेड कंडक्टर केबल काटकर चोरी कर लिया था। हजारो रुपये लागत के केबल चोरी के मामले में पुलिस ने चोरी का जुर्म दर्ज कर लिया था। इसके पूर्व विगत 20 अक्टूबर की रात को कुमदा 7/8 खदान के पंखा घर से 40 हजार रुपये लागत के 15 मीटर आर्मड केबल की चोरी कर ली थी। वही 12 अक्टूबर की रात को कोयला खान क्षेत्र से डेढ़ सौ लीटर डीजल चोरी व 18 अक्टूबर की रात को कुमदा सात आठ खदान के राईबोर होल से ओवरहेड लाइन का 230 मीटर कंडक्टर तार काटकर चोरी करने के बाद फिर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। मामले में नगर पुलिस ने अज्ञात आरोपित के विरुद्ध धारा 379 के तहत चोरी का अपराध दर्ज कर लिया है।























