
सूरजपुर। रामानुजनगर थाना इलाके के नारायणपुर गांव में निकाह के बाद मारपीट होने पर दूल्हा दुल्हन को लिए बगैर बैरंग लौट गया। इधर दुल्हन पक्ष ने दूल्हा पक्ष पर निकाह के बाद मोटरसाइकिल व कार के लिए छह लाख रुपये की मांग पूर्ण नही होने पर दुल्हन को लिए बिना वापस लौट जाने का आरोप लगाते हुए रामानुजनगर पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। घटना गुरुवार की है। बताया गया कि अंबिकापुर निवासी युवक का विवाह गुरुवार को नारायणपुर निवासी शमीउल्लाह खान की पुत्री से होना निर्धारित था। वह बारात लेकर नारायणपुर पहुंचा था। वहां निकाह होने के बाद खाने को लेकर वर वधु पक्ष के बीच वाद विवाद और मारपीट हो गई। उसके बाद वर पक्ष ने रामानुजनगर थाने पहुंचकर मारपीट की शिकायत की और उसके पश्चात वर पक्ष निकाह के बावजूद दुल्हन को लिए बगैर बैरंग लौट गया। इधर शुक्रवार को थाना पहुंचकर वर पक्ष के विरुद्ध मारपीट कर मेहर की मांग पूर्ण नहीं होने और निकाह के बावजूद दुल्हन को लिए बिना लौट गए। वधु के पिता शमीउल्लाह का कहना है कि उसने कर्ज लेकर अपनी बेटी के निकाह की तैयारी की थी।



























