
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप ने खेल दिवस पर 29 अगस्त को खेल अलंकरण समारोह पिछले चार वर्षों से बंद कर खिलाडियों को कांग्रेस कार्यालय बुलाकर खेल प्रतिभा सम्मान का आयोजन कराकर खिलाडिय़ों को गुमराह कर गुलामी का प्रमाण पत्र बाँटने का आरोप लगाया है। श्री कश्यप ने सवाल किया कि क्या कांग्रेस कार्यालय का बाँटा हुआ प्रमाण पत्र खिलाडिय़ों को भविष्य में उपयोग में आयेगा? श्री कश्यप ने कहा कि भाजपा शासनकाल में प्रदेश के होनहार खिलाडिय़ों को प्रदान करने के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रतिवर्ष खेल अलंकरण समारोह रखा जाता था जिसमें खिलाडिय़ों को प्रदान किए जाने वाला प्रमाण पत्र और प्रोतसाहन राशि खिलाडिय़ों के भविष्य के लिए बहुत महत्त्वपूर्ण होती थी। आज पूरे प्रदेश के खिलाड़ी सडक़ पर उतरकर प्रदेश सरकार के खिलाड़ी विरोधी नीति का विरोध कर रहे हैं। प्रदेश सरकार खेल के क्षेत्र में अब प्रदेश का नाम रोशन करने वाले खिलाडिय़ों को भी अपमानित करने से बाज नहीं आ रही है। श्री कश्यप ने अफसोस जताते हुए कहा कि भूपेश सरकार की खिलाड़ी विरोधी नीति के कारण और खेल अलंकरण समारोह में उत्कृष्ट खिलाड़ी की घोषणा नहीं होने के कारण प्रदेश के अनेक होनहार खिलाड़ी आज रायपुर रेलवे स्टेशन पर चना-मूंगफल्ली बेचने को मजबूर हो गए हैं।





















