
जांजगीर। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर कंपनीज अंतरक्षेत्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में खिलाड़ी खेल भावना के साथ खेलें और उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्युत कंपनी का नाम रौशन करें। यह विचार मुख्य अतिथि कार्यपालक निदेशक एसके बंजारा ने अपने उद्बोधन में व्यक्त किए। अटल बिहारी ताप विद्युत संयंत्र के आवासीय परिसर स्थित खेल मैदान पर 08 से 10 फरवरी तक तीन दिवसीय पॉवर कंपनीज अंतरक्षेत्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन रखा गया है। इस प्रतियोगिता में पॉवर कंपनी के 08 रीजन के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इसमें कोरबा पूर्व, दुर्ग रीजन, राजनांदगांव, रायपुर सेंट्रल, एबीवीटीपीएस मड़वा, बिलासपुर रीजन, एचटीपीएस कोरबा पश्चिम और रायपुर रीजन की टीम शामिल हैं। कार्यपालक निदेशक एसके बंजारा ने बतौर खिलाड़ी की भूमिका निभाते हुए सर्विस बॉल देकर अंतरक्षेत्रीय वालीबॉल स्पर्धा का शुभारंभ किया। पहला मैच अटल बिहारी ताप विद्युत संयंत्र मड़वा की टीम एवं राजनांदगांव रीजन की टीम के बीच हुआ। मड़वा की टीम मैच के दोनों ही सेट में राजनांदगांव की टीम पर भारी रही और उसने यह मैच 2-0 से जीत लिया। दूसरे मैच में कोरबा पूर्व ने दुर्ग रीजन पर 2-0 से जीत दर्ज की।






















