
टाइगर श्रॉफ ने फिल्म हीरोपंती से अपना एक्टिंग करियर शुरू किया था। इसमें उनका एक्शन चर्चा में रहा।उनकी बागी जैसी फिल्मों में उनके एक्शन पर ही दर्शकों ने प्यार लुटाया।पिछली बार आई बड़े बजट की टाइगर की फिल्म गणपत का बॉक्स ऑफिस पर बुरा हश्र हुआ।अब खबर है कि रैम्बो में वह धमाकेदार वापसी करेंगे। हालांकि, यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर टाइगर का खुमार वापस ला पाएगी या नहीं, यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा। फिल्म रैम्बो को लेकर एक बार फिर सुगबुगाहट शुरू हो गई है। खबर है कि इसमें टाइगर जोरदार एक्शन करते दिखेंगे और उनका रैम्बो वाला अवतार दर्शकों के होश उड़ाएगा। रिपोर्ट के मुताबिक, टाइगर मार्च, 2024 में इस फिल्म की शूटिंग शुरू करने वाले हैं। फिल्म के निर्माता सिद्धार्थ आनंद हैं, जो शाहरुख खान को लेकर पठान जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म दे चुके हैं। वरुण धवन के भाई रोहित धवन फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। वह और सिद्धार्थ एक्शन टीमों के साथ मिलकर फिल्म में ऐसे एक्शन दृश्य शामिल करने की सोच रहे हैं, जो हॉलीवुड फिल्म रैम्बो को पूरी टक्कर दे सकें।फिल्म काफी बड़े बजट में बन रही है। सिद्धार्थ और रोहित भारतीय दर्शकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए एक ऐसा देसी रैम्बो दर्शकों के बीच पेश करने वाले हैं, जो लंबे समय तक दर्शकों के जहन में रहेगा।
टाइगर का चयन इस फिल्म में काफी सोच समझकर किया गया है। उनकी पिछली फिल्में भले ही बॉक्स ऑफिस पर ढेर हो गई हों, लेकिन वह दर्शकों के बीच एक एक्शन स्टार बनकर उभरे हैं, वहीं मार्शल आर्ट में भी टाइगर माहिर हैं।वह दिग्गज हॉलीवुड अभिनेता सिल्वेस्टर स्टेलोन के बड़े प्रशंसक हैं। हॉलीवुड एक्शन फिल्म रैम्बो के निर्देशक और हीरो सिल्वेस्टर ही थे। 2008 में आई इस फिल्म में उनके अभिनय, निर्देशन और एक्शन की खूब तारीफ हुई थी। टाइगर अब पहली बार अपनी किसी फिल्म के लिए हॉलीवुड स्टार के नक्शे-कदम पर चलने वाले हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, रैम्बो की शूटिंग से पहले टाइगर न तो सोशल मीडिया पर उतने सक्रिय रहेंगे और ना ही मीडिया के सामने फटकेंगे।
























