
कोरबा। कामकाज हेतु अयोध्यापुरी से महाराष्ट्र के पुणे गए एक युवक को गन्ना उत्पादक ने बंधक बनाकर जमकर मारपीट की। 32 वर्षीय युवक के साथ इस कदर पिटाई की गई,कि वो अभी तक सदमे से उबर नहीं सका है। मारपीट के निशान उसके पूरे शरीर में है। पीडि़त युवक का नाम इदरीश शाबिर कुरैशी है। युवक जब घर पहुंचा तब पूरे मामले का खुलासा हुआ है। पिता ने इस संबंध में पुणे के संबंधित थाने में शिकायत की है। इदरीश शाबीर कुरैशी के साथ महाराष्ट्र में यह घटना हुई। दर्री थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी निवासी इदरीश रोजगार की तलाश में महाराष्ट्र प्रांत के पुणे गया हुआ था। इदरीश ने सोचा था,कि काम धाम कर वह अपना और घर की आर्थिक स्थिती को सुदृढ़ करेगा। लेकिन वहां उसके साथ जानवरों जैसे बर्ताव किया गया। बंधक बनाकर उससे गन्ने के खेत में काम करवाया जाता था। काम नहीं करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है। युवक के शरीर पर मौजूद चोट के निशान बताने के लिए काफी है,कि उसके साथ कैसे बर्ताव किया जाता था। युवक जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर जब घर पहुंचा तब उसकी हालत काफी खराब थी। मारपीट के कारण वह बात नहीं की पा रहा था। परिजनों ने अस्पताल में उसका उपचार करवाया तब जाकर उसकी हालत सामान्य हुई। हालांकि वह अब भी दहशत में है। पुत्र के साथ हुए जानवरों जैसे बर्ताव की शिकायत पिता द्वारा पुणे के स्थानीय पुलिस थाने में दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।





















