
सूरजपुर। शनिवार सुबह कोतवाली थाना इलाके के नरेशपुर गांव स्थित गन्ना बाड़ी में एक ग्रामीण का शव मिलने से सनसनी फैल गई थी। शव की पहचान ग्राम चेन्द्रा निवासी रोशनलाल पिता बालगोविंद देवांगन 54 वर्ष के रूप में की गई। प्रथम दृष्टया ठंड लगने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। बताया गया कि मृतक रोशनलाल बीते 14 जनवरी को जंगल तरफ लकड़ी काटने गया था। उसी दौरान पेड़ से गिर जाने की वजह से वह घायल हो गया रहा। सिर और पैर में चोट लगने के कारण उसे स्वजनो ने उसी दिन जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। सिर में चोट की वजह से उसकी दिमागी स्थिति सही नही थी। वह 15 जनवरी को दोपहर में बिना किसी को बताए अस्पताल से चला गया था। उसका शव शनिवार को नरेशपुर गांव स्थित बिघुन राम की गन्ना बाड़ी में मिला। पुलिसिया जांच में माना जा रहा है कि ठंड की वजह से मौत हुई होगी। फिलहाल कोतवाली पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है। पीएम रिपोर्ट से मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।





















