
बरेली। रविवार सुबह फरीदपुर के अल्लपुर गांव में गूगल मैप कार सवारों के लिए काल बनकर आया। निर्माणाधीन पुल पर कार चढ़कर रामगंगा में गिर गई, जिससे दो सगे भाइयों सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गाजियाबाद की तरफ से आ रहे तीन कार सवार गूगल मैप के जरिए यहां से निकल रहे थे। गूगल मैप ने निर्माधीन पुल से होकर रास्ता बताया, जिसको पार करने के लिए वह आगे बढ़े। इस दौरान काफी कोहरा होने की वजह से वह आगे देख नहीं पाए और रामगंगा में गिर गए। सुबह-सुबह निकले ग्रामीणों ने रामगंगा में खून बहते देखा, तो वह चौंक गए। उन्होंने बुरी तरह क्षतिग्रस्त कार के अंदर तीन लोगों को देखा, जिसमें दो की मौत हो चुकी थी। एक गंभीर हालत में मिले व्यक्ति ने मरने से पहले बताया कि गूगल मैप ने बताया था कि इस रास्ते से आगे जा सकते हैं। तीनों फर्रूखाबाद के रहने वाले थे। पुलिस और प्रशासन हादसे के बाद जांच में जुट गया है।
दातागंज (बदायूं) से फरीदपुर (बरेली) को जोड़ने वाले पुल का आधा हिस्सा पिछले साल भारी बारिश में गिर चुका था। उसके बाद सेतु निगम की ओर से यहां दो फीट ऊंची कच्ची दीवार बनाई गई थी, जिससे लोग आगे न जाएं। वह भी धीरे-धीरे दरककर हट गई थी। इस बीच पुल पर यातायात के लिए कोई पुख्ता सुरक्षा उपाय नहीं किए गए हैं।


























