गाजा में हमले रोकने के समझौते को भारत का समर्थन इजरायल-हमास के बीच जल्द हो सकती है बातचीत

न्यूयार्क, २१ नवंबर । इजरायल और हमास के बीच बंधकों की रिहाई और गाजा पट्टी में हमले रोकने के संबंध में जल्द समझौता हो सकता है। यह उम्मीद अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने जताई है।न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों के बीच जारी वार्ता को लेकर चर्चा है कि गाजा में कुछ दिनों के लिए हमले रोकने के साथ इजरायल अपनी जेलों में बंद फलस्तीन के उतनी महिलाओं और बच्चों को रिहा करेगा जितनी बंधक महिलाएं और बच्चे हमास छोड़ेगा। हमास ने इन महिलाओं और बच्चों समेत करीब 250 लोगों को सात अक्टूबर को इजरायली शहरों से अगवा किया था। इनमें से पांच महिलाओं को अभी तक छोड़ा जा चुका है जबकि दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। कतर की मध्यस्थता में हो रही हमास और इजरायल की वार्ता में अतिवादी संगठन ने सभी बंधकों की रिहाई के बदले गाजा पट्टी में स्थायी युद्धविराम और इजरायली जेलों से सभी फलस्तीनी बंदियों की रिहाई की मांग रखी है। संयुक्त राष्ट्र महासभा की अनौपचारिक बैठक में भारत की स्थायी प्रतिनिधि रुचिरा काम्बोज ने गाजा पट्टी में मानवीय आधार पर हमलों को रोके जाने की कोशिश का स्वागत किया है। कहा कि भारत का इस कोशिश को पूरा समर्थन है। भारत युद्ध में किसी भी निर्दोष नागरिक को जान-माल के नुकसान का समर्थन नहीं करता है।

RO No. 13467/11