
जांजगीर – चांपा। गाली गलौज करने से मना करने पर चाकू से युवक के ऊपर जानलेवा हमला कर दिया। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। कोतवाली पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।पुलिस के अनुसार बिरगहनी निवासी शुभम श्रीवास का भाई शिवम श्रीवास (23) मंगलवार 28 नवंबर की शाम लगभग 7 बजे के करीब गांव के स्कूल की तरफ से अपने घर की ओर आ रहा था। इसी दौरान गांव का ही युवक दीनानाथ साहू (43) गुड़ी चौक के पास गाली गलौज कर रहा था। वहां से गुजर रहे शिवम ने उसे गाली गलौज करने से मना किया तो वह उसे मारने पीटने के लिऐ उतारू हो गया। जिस पर शिवम डर के वहां से भाग कर घर आ गया। थोड़ी देर बाद दीनानाथ शिवम के घर के पास आया और शिवम को मारते हुए शीतला चौक के पास ले गया और हत्या करने की नीयत से अपने पास रखे चाकू से उसके सीने पर हमला कर दिया। जिससे शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया। किसी ने इसकी सूचना शिवम के भाई शुभम को दी। शुभम ने शिवम को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया और कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जिस पुलिस ने आरोपित दीनानाथ के खिलाफ भादवि की धारा 307 कायम कर विवेचना में लिया। पुलिस ने आरोपित दीनानाथ साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।




















