
कोरबा। नेशनल हाईवे संख्या 130बी पर हसदेव नदी पुल पर हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वह अंबिकापुर जाने के दौरान पुल पर खड़ा था। मोरगा पुलिस ने सूचना मिलने पर मर्ग कायम किया है। मृतक का शव पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मोरगा चौकी प्रभारी अश्वनी निरंकारी ने बताया कि 48 वर्षीय बुधराम ङ्क्षसह पिता दुबराज सिंह मूलत: अंबिकापुर जिले का निवासी था। कुछ महीनों से वह एसईसीएल की कुसमुंडा परियोजना के अंतर्गत गोदावरी कंपनी में काम कर रहा था। कामकाज से अवकाश लेने के साथ वह अपनी बाइक पर सवार होकर अंबिकापुर जा रहा था। इस दौरान कुछ देर के लिए वह हसदेव नदी पुल केंदई में रूका और बाइक को एक तरफ खड़ा कर दूसरे किनारे से नदी को निहार रहा था। इस बीच आए अज्ञात वाहन ने उसे चपेट में ले लिया। मौके पर उसकी मौत हो गई। राहगीर के माध्यम से पुलिस को इस बारे में जानकारी हुई जिस पर मौके का जायजा लिया गया। चौकी प्रभारी ने बताया कि बाइक और शव अलग-अलग दिशा में मिलने से घटना को लेकर इस तरह की संभावनाएं जताई जा रही है। मृतक के जेब से मिले कागज के आधार पर परिजनों को अवगत कराया गया। 174 सीआरपीसी के अंतर्गत प्रकरण कायम करने के साथ आगे की जांच की जा रही है।