
बलरामपुर। शहर के गोधनपुर मोहल्ले में नवविवाहिता रुखसाना खातून (26) की फांसी पर लटकी लाश मिली। जिस कमरे में महिला की फांसी पर लटकी लाश मिली उसी कमरे में मृतका का पति राशिद मंसूरी (28)भी सो रहा था। सुबह जब वह सोकर उठा तो पत्नी फांसी पर लटकी थी। घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी गोधनपुर स्थित घर पहुंच गए थे। उन्होंने ससुराल पक्ष पर नवविवाहिता की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिए जाने का आरोप लगाया। घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी। पुलिस के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार बलरामपुर जिले के बरियों पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आरा निवासी रुखसाना खातून का विवाह गोधनपुर मोहल्ले में रहने वाले राशिद मंसूरी के साथ 14 मई 2023 को हुआ था। सोमवार की रात को परिवार को सभी सदस्य खाना खाकर सो रहे थे। सुबह पति सोकर उठा तो देखा कि उसकी पत्नी ने कमरे के सिलिंग पखा के हुक में दुपट्टा का फंदा बनाकर फांसी लगा ली थी। मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा घटना की सूचना मायके पक्ष को भी दी गई। तत्काल मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए थे। घटनास्थल के निरीक्षण के बाद मायके पक्ष के लोग भी गाँधीनगर थाने पहुंच गए। यहां पुलिस से शिकायत की गई। कार्यपालिक दंडाधिकारी की उपस्थिति में पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई। मृतका के पिता ,भाई सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने दहेज के लिए प्रताडि़त करने के अलावा ससुराल पक्ष के लोगों के कार्यव्यवहार का विरोध करने पर रुखसाना को जान से मार देने का आरोप लगाया। मायके पक्ष के लोग घटनास्थल पर गांजे का एक पौधा भी लेकर खड़े थे। उनका आरोप था कि मृतका के ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा घर की बाड़ी में इसे लगाया गया था। इसका विरोध मृतका करती थी। मृतका के पिता ने कहा कि दामाद द्वारा रुपयों की मांग करने पर उनके द्वारा किश्तों में रकम भी दी गई थी। शनिवार को ही उनकी बेटी ने फोन किया था। दामाद के लिए दो हजार रुपये की मांग की थी। आज ही बेटी को रकम देने का वादा उन्होंने किया था। उसके पहले ही बेटी की मौत हो गई। मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने प्रकरण की बारीकी से जांच करने की मांग की है। सीएसपी स्मृतिक राजनाला ने बताया कि नवविवाहिता की फांसी पर लटकी लाश मिली है। कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। गांजा के पौधे को लेकर उन्होंने कहा कि मायके पक्ष के लोगों की शिकायत सामने आई थी। इसकी जांच की जा रही है।