
नईदिल्ली, २१ जनवरी । राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में घने कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड़ का सितम जारी है। राजधानी में घने कोहरे से विजिबिलिटी कम हो गई है। इसका असर देश के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली आने वाली ट्रेनों और IGI एयरपोर्ट से चलने वाली उड़ानों पर देखने को मिल रहा है। ताजा जानकारी के मुताबिक, देर रात से अभी तक करीब 100 उड़ानें प्रभावित हुई हैं। प्रभावित उड़ानों में ज्यादा घरेलू हैं, इन फ्लाइट्स की उड़ान में आधे से दो घंटें की देरी हो रही है। कोहरे का असर आगमन और प्रस्थान होने वाली दोनों फ्लाइट्स पर देखा जा रहा है। समाचार एजेंसी के अनुसार, दिल्ली हवाईअड्डे पर कई फ्लाइट्स की उड़ानों में देरी हो रही है और कुछ रद्द हो गई हैं। इससे यात्री अपनी निर्धारित उड़ानों का इंतजार कर परेशान हो रहे हैं। दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी कर कहा कि आज रविवार को घने कोहरे के कारण दिल्ली हवाईअड्डे पर फ्लाइट्स संचालन प्रभावित हो सकता है। इसके मद्देनजर अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर सलाह देते हुए यात्रियों से कहा कि वे अपनी फ्लाइट के तय समय से पहले संचालन संबंधित जानकारी के लिए संबंधित एयरलाइन से संपर्क करें। साथ ही यात्रियों को होने वाली किसी भी असुविधा के लिए खेद जताया है।