
राजपुर। बलरामपुर जिले के राजपुर वन परिक्षेत्र के भेड़ाघाट बस्ती में हाथी ने ग्रामीण का घर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के समय परिवार के पांच सदस्य सहमे रहें । हाथी के चले जाने के बाद उन्होंने राहत की सांस ली। हाथी ने मवेशी को घायल करने के साथ ही आठ ग्रामीणों के खेतों में लगी मक्का ,धान की फसल को नुकसान पहुंचाया। हाथी अभी भी बरहापतरा अलखडीहा जंगल में है। एक और हाथी इसी क्षेत्र में है। दोनों हाथी दिनभर एक साथ ही रहते हैं। शनिवार की रात हाथी भेड़ाघाट बस्ती के समीप प्रवेश कर गया।संजय खाखा के घर को तोडफ़ोड़ करने के दौरान परिवार के सदस्य एक कमरे में दुबके रहे। भेड़ाघाट बस्ती के समीप हाथी के पहुंच जाने के कारण बिजली भी गुल कर दी गई थी।।ग्रामीण संजय खाखा ने बताया कि हाथी लगभग एक घंटे तक घर के आस-पास ही विचरण करता रहा। इस दौरान परिवार की सभी सदस्य प्राण रक्षा के लिए एक कमरे में चुपचाप पड़े रहे। हाथी के जाने के बाद उन्हें थोड़ी राहत मिली। बताया जा रहा है कि इस हाथी के साथ एक और हाथी मिल गया है लेकिन रात को संजय खाखा के घर के समीप सिर्फ एक हाथी ही पहुंचा था। रविवार को जनपद सदस्य नीरज तिवारी ने प्रभावितों से मुलाकात की। नीरज तिवारी ने बताया कि हाथी प्रभावित क्षेत्र में बिजली नहीं रहने से अंधेरा पसरा रहता है जिससे हाथी जंगल व खेतों से रात के अंधेरे में बस्ती तक पहुंच घरों को निशाना बना रहे हैं।
















