कोरबा। जिले के केंदई रेंज में हाथियों का आतंक कम होने का नाम ही नहीं ले रहा है। उल्टा और भी बढ़ रहा है। क्षेत्र में मौजूद हाथी रिहायशी इलाके में घुसने लगे हैं।
जिले के कटघोरा वन मंडल के परला गांव में गुरुवार रात दूसरी बार हाथी एक घर में घुस गया। हाथी से जान बचाने के लिए एक परिवार के लोग घर की छत पर चढ़ गए। सूचना मिलने पर वन अमला मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की जान बचाई। काफी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा गया। जानकारी के मुताबिक, गांव की पास जंगल से लगे राजकुमार गोस्वामी का एक मकान है। वह अपनी पत्नी और एक बेटी साथ रहते हैं। राजकुमार गोस्वामी ने बताया कि रात 9 बजे लगभग खाना खाने के बाद सभी सोने के लिए चले गए थे। लगभग 10 बजे के करीब हाथी की गरजने की आवाज सुनी। राजकुमार और उसका परिवार बाड़ी के तरफ खिडक़ी से झांक कर देखा तो एक हाथी बाड़ी में विचरण कर रहा था। इसके बाद राजकुमार, उसकी पत्नी और बच्ची किसी तरह अपनी जान बचाने सीढ़ी के ऊपर चढक़र खपराई वाले छत पर चढ़ गए। इस दौरान वे हाथी की हर गतिविधियों पर ऊपर से ही नजर रख रहे थे। इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई जिस पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मदद से दंतैल को खदेडऩे की कार्यवाही की। खदेड़े जाने पर दंतैल ने जंगल का रूख किया, जिस पर गोस्वामी के परिवार ने राहत की सांस ली। इससे पहले भी दंतैल हाथी बुधवार की आधी रात चंद्रिका प्रसाद साहू नामक ग्रामीण के घर में घुस गया था तब चंद्रिका व उसके परिवार के दो अन्य सदस्यों ने पटाव में चढक़र अपनी जान बचाई थी। बाद में वन विभाग द्वारा उन्हें सुरक्षित निकाला गया।