कोरबा। जिले के सेवानिवृत्त पुलिस निरीक्षक चंद्रमा सिंह राजपूत ने अब राजनीति में नई पारी की शुरुआत करते हुए आसन्न विधानसभा चुनाव में अपना भाग्य आजमाने का फैसला किया है। संभवत: वे कोरबा की रणभूमि में भारतीय जनता सेक्यूलर पार्टी के उम्मीदवार हो सकते हैं। इसके लिए श्री राजपूत ने हामी भरने के साथ ही जनसंपर्क अभियान भी तेज कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक वैसे तो कई दल उन्हें प्रत्याशी बनाने के लिए आतुर दिखाई दे रहे हैं लेकिन उनका झुकाव भारतीय जनता सेक्यूलर पार्टी की ओर ज्यादा है और इसी पार्टी से चुनाव लडऩे का मन बनाया है। जानकारी के अनुसार विधानसभा चुनाव 2023 की तिथि नजदीक आते ही राजनीतिक पार्टियों में सरगर्मियां तेज हो गई है। शीघ्र ही चुनाव की तारीखों का ऐलान होने के साथ ही प्रदेश में आचार संहिता भी लगने वाली है। ऐसे में चुनावी पारा भी और तेजी से चढ़ गया है। भाजपा ने कोरबा विधानसभा से पूर्व महापौर एवं संसदीय सचिव लखनलाल देवांगन को प्रत्याशी घोषित किया है वहीं कांग्रेस से स्थानीय विधायक एवं प्रदेश के राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल का प्रत्याशी घोषित होना तय है। आम आदमी पार्टी (आप) से विशाल केलकर भी मैदान में दमदारी से उतरे हैं। क्षेत्रीय दलों में प्रत्याशी चयन का सिलसिला जारी है और वे योग्य उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारना चाहते हैं। ऐसे में उनकी नजर ऐसे लोगों पर है जो क्षेत्र में जनता के लिए मजबूत पकड़ रखते हो उन्हें प्रत्याशी बनाया जाए। इसके लिए ऐसे लोगों पर डोरा डालना शुरू कर दिया है। भारतीय जनता सेक्यूलर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील विश्वकर्मा ने गत दिनों श्री राजपूत से मुलाकात की और उन्हें अपने पार्टी से प्रत्याशी बनने का अनुरोध किया। श्री विश्वकर्मा के अनुरोध पर उन्होंने इसी पार्टी से अपना चुनाव लडऩे का लगभग मन बना लिया है।