
ग्वालियर, 2३ अक्टूबर।
ओडिशा और पश्चिम बंगाल में चक्रवाती तूफान दाना को देखते हुए पूर्व मध्य रेलवे ने भुवनेश्वर, पुरी, विशाखापट्टनम की ओर से आने वाली कई ट्रेनों को रद करने का निर्णय लिया है। इनमें से कई ट्रेनें ग्वालियर से होकर गुजरती हैं। तूफान का असर 23 से 25 अक्टूबर के बीच विशेष रूप से रहने की संभावना है। ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। इसी तरह दाना के चलते रेलवे ने छत्तीसगढ़ में 15 ट्रेनों को रद कर दिया है। छत्तीसगढ़ ओडिशा से सटा हुआ राज्य है। लिहाजा यहां भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस लिहाज से परिवहन सेवाओं पर भी असर पड़ा।
छत्तीसगढ़ में दाना चक्रवाती तूफान को लेकर रेलवे विभाग अलर्ट पर है। इसी वजह से कुछ तिथियों में ट्रेनों को रद करने का निर्णय लिया गया है। यह निर्णय यात्रियों की सुरक्षा को लेकर है। हालांकि ट्रेनें रद रहने से यात्रियों पर सबसे ज्यादा असर पड़ेगा। दीपावली पर्व पर यात्रियों ने बड़ी संख्या में रिजर्वेशन कराया है, ताकि पर्व पर घर जा सके। लेकिन, रेलवे के रद के निर्णय की वजह से उन्हें घर पहुंचने में परेशानी आएगी।




















