जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की दूसरी लिस्ट सामने आने के बाद असंतुष्ट विधायक ने शनिवार को पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी पर जमकर निशाना साधा। चित्तौडग़ढ़ से मौजूदा विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने आरोप लगाया कि उन्हें टिकट इसलिए नहीं मिला, क्योंकि पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी छात्र जीवन से ही उनसे द्वेष रखते थे। भाजपा ने चित्तौडग़ढ़ से मौजूदा विधायक चंद्रभान सिंह आक्या का टिकट काटकर नरपत सिंह राजवी को चुनावी मैदान में उतारा है। नाराज चंद्रभान ने कहा कि पार्टी को पूरे मंडल में इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा, क्योंकि उन्होंने 10 साल तक पूरी ईमानदारी के साथ जनता की सेवा की है। बकौल एजेंसी, चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि यह एक स्थानीय विवाद है। मैं एबीवीपी का कार्यकर्ता था और सीपी जोशी एनएसयूआई में थे। वह एनएसयूआई के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष भी बने। उसी वक्त से हमारे कॉलेज में झगड़ा चल रहा है। बाद में पंचायत समिति में भी झगड़े जारी रहे।
इसके बाद सीपी जोशी प्रदेशाध्यक्ष बन गए तब से वह मुझसे नाराज हैं।पांच बार के विधायक और भैरों सिंह शेखावत के दामाद नरपत सिंह राजवी 15 साल बाद चित्तौडग़ढ़ से फिर से चुनाव लड़ेंगे। टिकट कटने से नाराज चंद्रभान सिंह आक्या ने अपने समर्थकों के साथ सीपी जोशी के खिलाफ नारेबाजी की और पोस्टर भी जलाए।इस मामले को लेकर चंद्रभान सिंह आक्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट किया।
उन्होंने कहा कि आपका चंद्रभान आपके विश्वास पर एक बार फिर खरा उतरेगा। चित्तौडग़ढ़ विधानसभा क्षेत्र मेरा परिवार है और परिवार का उज्ज्वल भविष्य मेरी एकमात्र चिंता..!