
जम्मू, २१ अगस्त। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सर्वोच्च बॅाडी कांग्रेस वर्किंग कमेटी में जम्मू कश्मीर के तीन नेताओं को शामिल किया गया है। मीर को पहली बार अहम जिम्मेदारी मिली है। वहीं तारिक हमीद करा को स्थायी आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। वह पहले भी वर्किंग कमेटी में रहे हैं। पद के अधिकार के सदस्य में एनएसयूआई के राष्ट्रीय प्रधान नीरज कुंदन को वर्किंग कमेटी में शामिल किया गया है। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रधान गुलाम अहमद मीर को पार्टी की सर्वोच्च बाडी वर्किंग कमेटी का सदस्य बनने से उनका पार्टी में कद बढ़ा है। इसके साथ ही कांग्रेस को कश्मीर में मजबूती मिलने की उम्मीद तो है साथ ही नेशनल कांफ्रेंस व पीडीपी के सामने कांग्रेस के एक बड़े नेता के तौर पर आगे आ पाएंगे। मीर साल 2019 में महबूबा मुफ्ती के खिलाफ अनंतनाग संसदीय सीट से चुनाव लड़ चुके है।जम्मू कश्मीर में कांग्रेस को अगले विधानसभा चुनाव के लिए मजबूत करना होगा। नेशनल कांफ्रेंस, पीडीपी के अलावा अब मैदान में गुलाम नबी आजाद की पार्टी भी है। भाजपा भी कश्मीर में अपना वजूद मजबूत कर रही है। इन सब चुनौतियों का सामना करते हुए मीर को कांग्रेस का आधार मजबूत करना होगा। । राहुल गांधी के करीबी रहे मीर ने अपना प्रदेश प्रधान का पद भी बिना किसी विवाद के छोड़ा था और उन्होंने कभी पार्टी की लाइन से हट कर काम नहीं किया। प्रदेश प्रधान का पद जाने के बाद पार्टी ने उन्हें वर्किंग कमेटी में एडजस्ट किया है। अब जल्द ही उनकी जिम्मेदारी तय होगी। गुलाम अहमद मीर जम्मू कश्मीर में सात साल से अधिक समय से पार्टी के प्रदेश प्रधान रहे हैं। गुलाम अहमद मीर ने कांग्रेस का फैसला लेने वाली सर्वोच्च बाडी में अहम स्थान मिलने पर पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि मैं एक दूरदराज इलाके से पार्टी का जमीनी सतह का नेता है जिससे सम्मान दिया गया है। मैं पार्टी के विश्वास पर पूरा उतरने के प्रयास करूंगा। उन्होंने पार्टी हाईकमान को भरोसा दिलाया कि वह पार्टी को मजबूत करने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे। वहीं जम्मू के नीरज कुंदन को दूसरी बार जिम्मेदारी मिली है। नीरज कुंदन जम्मू विश्वविद्यालय के ला स्कूल के विद्यार्थी रहे हैं और वह गैर राजनीतिक परिवार से आते हैं। नीरज कुंदन युवा नेता हैं और युवाओं के मुद्दे राष्ट्रीय स्तर पर उठाते आ रहे हैं। वह राहुल गांधी के पक्ष में चुनाव प्रचार भी कर चुके हैं।


















