अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सबसे अमीर विधायक टीएस सिंहदेव की संपत्ति पांच वर्षों में लगभग 52 करोड़ रुपये घट गई है। 2008 के चुनाव से लेकर हर चुनाव में उनकी संपत्ति घटती जा रही है इसके बाद भी छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, प्रदेश के सबसे अमीर विधायक हैं।
उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने नामांकन पत्र के साथ संपत्ति की भी जानकारी दी है। शपथ पत्र में सिंहदेव ने अपनी संपत्ति 447.77 करोड़ रुपये घोषित की है। वर्ष 2018 में उनकी कुल संपत्ति 500 करोड़ एक लाख रुपये थी। टीएस सिंहदेव को अधिकांश संपत्ति विरासत में मिली है। विरासत में मिली संपत्ति में पुराना राजमहल एवं जमीन हैं। इनके अलावे व्यवसायिक प्लाट, भवन भी शामिल हैं। शपथ पत्र में उन्होंने अचल संपत्ति 436.71 करोड़ रुपये घोषित की है। वहीं चल संपत्ति 10 करोड़ 99 लाख रुपये की है। इनमें उन्हें विरासत में मिले जेवरात, बंदूक एवं अन्य सामान हैं। जेवरात में हीरा भी शामिल है। सिंहदेव ने हाथ मे सिर्फ एक लाख 70 हजार रुपये नकद होना बताया है। टीएस सिंहदेव के पास अन्य चल संपत्ति में बैंक खातों में जमा रकम, बीमा, बैंक व फर्मों की हिस्सेदारी तथा निवेश की रकम शामिल है। उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव कार के शौकीन हैं। उनके पास आडी , मर्सिडीज भी है। सिंहदेव के पास वर्ष 2006 माडल की होंडा सिविक कार, 2012 माडल के महिंद्र एक्सयूवी 500, हुंडई वरना कार 2012, आडी कार 2014 माडल एवं मर्सेडीज कार 2017 माडल शामिल हैं। टीएस सिंहदेव की चल संपत्ति बढ़ी है लेकिन अचल संपत्ति में पांच वर्ष में 52 करोड़ रुपये की कमी आई है। चल संपत्ति 26 लाख 21 हजार रुपये बढ़ी है। सिंहदेव की अचल संपत्ति वर्ष 2018 में 478.84 करोड़ रुपये थी जो घटकर 436.71 करोड़ रुपये हो गई है। सिंहदेव की चल संपत्ति वर्ष 2018 में सिंहदेव की चल संपत्ति 10 करोड़ 73 लाख 12 हजार रुपये थी जो वर्ष 2023 में बढक़र 10 करोड़ 99 लाख 33 हजार रुपये हो गई है। टीएस सिंहदेव ने पहली बार 2008 मे अंबिकापुर विधानसभा का चुनाव लड़ा था। हर चुनाव में वे संपत्ति का ब्यौरा देते है। पिछले 15 वर्ष में उनकी संपत्ति घट रही है। सिंहदेव द्वारा वर्ष 2013 में अपनी कुल संपत्ति 561.50 करोड़ रुपये घोषित की थी। वर्ष 2018 में यह संपत्ति करीब 61.49 करोड़ घट गई थी। वहीं 2023 में उनकी संपत्ति 52 करोड़ रुपये घटकर 447.77 करोड़ रुपये रह गई है।