रायपुर। लोकसभा चुनाव संपन्न होते ही छत्तीसगढ़ के भाजपा-कांग्रेस के दिग्गज नेता अब अन्य राज्यों में मोर्चा संभालते नजर आएंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को ओडिशा रवाना हो गए। भाजपा के स्थानीय नेताओं के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मध्य प्रदेश, तेलंगाना, उत्तरप्रदेश, झारखंड, महाराष्ट् में भी चुनाव प्रचार कर सकते हैं। प्रदेश में चुनावी महासमर के बीच भी सीएम साय मध्य प्रदेश में सभाएं कर चुके हैं। आदिवासी मुख्यमंत्री होने के नाते पार्टी नेतृत्व ने आदिवासी बहुलता वाले राज्यों के साथ ही अन्य राज्यों में प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है। इधर, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर एक बार फिर कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने भरोसा जताया है। वे रायबरेली के लिए आर्ब्जवर नियुक्त हुए हैं। राहुल को जिताने के लिए वे सारथी की भूमिका में नजर आने वाले हैं। बघेल गुरुवार को रायबरेली के लिए रवाना होंगे। लोकसभा चुनाव के खत्म होने के अगले दिन मुख्यमंत्री साय ने ओडिशा के नवरंगपुर लोकसभा में जनसभा को संबोधित किया वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने काशीपुर जिले में रोड-शो में हिस्सा लिया। विजय शर्मा (फोटो)भूपेश बघेल के उत्तर प्रदेश दौरे पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने चुटकी लेते हुए कहा कि उनका उत्तर प्रदेश जाना भाजपा के लिए शुभ होता है। वे जब उत्तर प्रदेश जाते हैं कांग्रेस दो सीट से आगे नहीं बढ़ पाती।। उनकी जो छवि बनी है। इससे कांग्रेस पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। विजय शर्मा ने एनडीए गठबंधन को 400 पार सीटें जीतने का दावा किया।