छत्तीसगढ़ में सरकार बदलते ही सीएम की गाड़ी से हटा बीबी-002३ का नंबर प्लेट, भूपेश बघेल के लिए लकी था ये नंबर

रायपुर, १६ दिसम्बर । सरकार बदलते ही मुख्यमंत्री के काफिले से बीबी-0023 का नंबर प्लेट हटा दिया गया है। यह नंबर प्लेट पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले में शामिल था। सूत्रों के मुताबिक बीबी का मतलब भूपेश बघेल व 0023 का मतलब भूपेश बघेल के जन्मदिन यानि 23 अंक को लेकर लिया गया था। सरकार बदलते ही अब मुख्यमंत्री सचिवालय ने दिशा-निर्देशों के बाद नई गाडिय़ों में नंबर प्लेट बदलवा दिया है। वर्तमान में मुख्यमंत्री के काफिले की गाडिय़ों में जो नंबर है वो पुलिस श्रेणी का है। वर्तमान में मुख्यमंत्री साय की गाड़ी का नंबर सीजी-03-9502 है, जिसमें तीन से तात्पर्य पुलिस श्रेणी की गाडिय़ों से हैं। इससे पहले सीएम काफिले में शामिल गाड़ी का नंबर सीजी-02 था, जिसे अब बदल दिया गया है।भूपेश बघेल ने अपने काफिले में शामिल गाडिय़ों के लिए अलग नंबर चुना था। पूर्व मुख्यमंत्री ने नई टोयोटा फार्च्यूनर में यह फेरबदल करवाया था। सीएम काफिले का नंबर सीजी-02-बीबी-0023 रखा गया था। गाडिय़ां वही हैं, लेकिन अब नंबर बदल दिया गया है। पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमन सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान मित्सुबिसी पजेरो में गाडिय़ों का नंबर 0004 रखा था। सरकार बदलते ही जब 2018 में भूपेश बघेल मुख्यमंत्री बनें तो उन्होंने मित्सुबिसी पजेरो को सुरक्षा कारणों की वजह से अपने काफिले से हटा दिया। भूपेश सरकार ने जब कमेटी की अनुशंसा के बाद 14 नई गाडिय़ों की खरीदी की थी। गौरतलब है कि सीजी-01 और सीजी-02 व सीजी- 04 का पंजीयन रायपुर आरटीओ करता है, वहीं सीजी-03 का पंजीयन पुलिस मुख्यालय करता है।

RO No. 13467/11