
जांजगीर चांपा। पर्यावरण संरक्षण को लेकर शासन एक ओर जहाँ लाखों रुपये खर्च कर रहा है लेकिन वहीं दूसरी तरफ सडक़ किनारे ग्रामीणों द्वारा लगाए गए हरे भरे पेड़ों की कटाई की जा रही है। इसकी शिकायत ग्रामीण ने कलेक्टर से की है। शिकायतकर्ता जांजगीर तहसील के ग्राम बसंतपुर निवासी प्यारेलाल यादव ने बताया है कि गांव के ही सोनालाल यादव पिता स्व भुखाऊ राम द्वारा शराब पीकर इलेक्ट्रिक आरी से सडक़ किनारे हरे भरे फलदार पेड़ों की कटाई की गई है। जिसका विरोध करने पर उल्टा धमकी दी गई। इसकी शिकायत कलेक्टर से करते हुए तहसीलदार को भी जानकारी दी गई है। इस संबंध में तहसीलदार जांजगीर राजकुमार मरावी का कहना है कि बिना अनुमति पेड़ो की कटाई करना गलत है। संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
























